AUS vs SA 3rd Test: ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) अपनी रफ्तार और खतरनाक बाउंसर के लिए जाने जाते हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में उनकी एक तेज बाउंसर साउथ अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज मार्क्स एकरमैन (Marques Ackerman) के हेलमेट से जा टकराई।
यह घटना साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी के 28वें ओवर की दूसरी गेंद पर हुई। स्टार्क ने पूरी ताकत से शॉर्ट पिच गेंद फेंकी। एकरमैन खुद का बचाव करने के लिए पीछे की तरफ झुके, लेकिन गेंद उनके बल्ले के पास से निकलकर सीधे हेलमेट की ग्रिल से टकरा गई।
हेलमेट से टकराने के बाद गेंद हवा में उछलकर स्लिप की तरफ चली गई। वहां मौजूद कैमरन ग्रीन ने बिना कोई गलती किए कैच लपक लिया। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने विकेट मिलने की शुशी में सेलिब्रट करना शुरू कर दिया, जबकि एकरमैन कुछ पल के लिए यह समझने की कोशिश करते रहे कि गेंद उनके बल्ले से लगी थी या नहीं। इस तरह स्टार्क ने 80 गेंदों में 62 रन बनाकर खेल रहे साउथ अफ्रीकी ओपनर की पारी का अंत कर दिया।
VIDEO:
हालांकि, एकरमैन को इस बात का शक था कि गेंद पहले उनके बल्ले से लगी थी। वह रिव्यू लेने के लिए कप्तान टेम्बा बावुमा के पास भी पहुंचे, लेकिन फैसला लेने में देरी हो गई। उन्होंने 15 सेकंड की निर्धारित समय सीमा खत्म होने के बाद रिव्यू का इशारा किया। ऐसे में अंपायरों ने समय सीमा का हवाला देते हुए उनकी मांग स्वीकार नहीं की। बाद में टीवी रिप्ले में भी साफ हुआ कि गेंद हेलमेट से टकराने से पहले बल्ले को छूकर निकली थी।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो साउथ अफ्रीका अपनी दूसरी पारी में चौथे दिन 387 रन बनाकर ऑलआउट हुई। साउथ अफ्रीका की ओर से रयान रिकेल्टन ने 219 गेंदों में 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि वियान मुल्डर ने भी शतक लगाते हुए 221 गेंदों में 115 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की इन पारियों की बदौलत साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के सामने आखिरी दिन 288 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है।