पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) के आईपीएल 2027 में खेलने की अटकलों पर अब विराम लग गया है। ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने के बाद आमिर के आगामी आईपीएल मिनी ऑक्शन में शामिल होने की चर्चा शुरू हो गई थी। 

माना जा रहा था कि वह इंग्लैंड में घरेलू खिलाड़ी का दर्जा मिलने के कारण इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के जरिए ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। हालांकि, आमिर ने खुद इन खबरों को गलत बताते हुए साफ कर दिया है कि आईपीएल से जुड़ी चर्चाओं में सच्चाई नहीं है।

मोहम्मद आमिर ने अपने अधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट करते हुए इन अटकलों को खारिज किया। उन्होंने लिखा, "मैं आईपीएल को लेकर चल रही खबरों पर स्पष्ट करना चाहता हूं कि ये सही नहीं हैं।" आमिर के इस बयान के बाद उनके आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर चल रही चर्चा फिलहाल खत्म हो गई है।

दरअसल, आमिर को लेकर यह चर्चा इसलिए शुरू हुई थी क्योंकि उन्होंने मई 2026 में ब्रिटिश नागरिकता हासिल की थी। इसके बाद वह इंग्लैंड में घरेलू क्रिकेट में भी खेलते नजर आए। उन्होंने T20 ब्लास्ट में नॉटिंघमशायर और द हंड्रेड 2026 में ट्रेंट रॉकेट्स का प्रतिनिधित्व किया। इन दोनों टूर्नामेंट में उन्हें स्थानीय खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया था।

आईपीएल 2027 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में आयोजित होना है। बीसीसीआई की प्रक्रिया के मुताबिक, विदेशी खिलाड़ियों को अपने संबंधित क्रिकेट बोर्ड के जरिए ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराना है। इसके लिए 23 नवंबर आखिरी तारीख तय की गई है। 

Also Read: LIVE Cricket Score

मोहम्मद आमिर के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 119, वनडे में 81 और टी20 इंटरनेशनल में 71 विकेट हासिल किए। वह पाकिस्तान के बाएं हाथ के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल रहे हैं।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार