कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली। हालांकि, इस मैच के बाद अंपायर का एक फैसला सवालों के घेरे में भी आ गया। पाकिस्तान के पूर्व पेसर मोहम्मद आमिर ने इस मैच में शिमरोन हेटमायर को आउट दिए जाने पर सवाल उठाए हैं।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए वेस्टइंडीज ने 195 रन बनाए जिसमें हेटमायर ने भी 12 गेंदों में 27 रनों का योगदान दिया। वो जिस अंदाज में खेल रहे थे लग रहा था कि वेस्टइंडीज की टीम 200-220 का स्कोर बनाएगी लेकिन बुमराह के ओवर में उनके आउट होते ही वेस्टइंडीज की पारी लुढक गई और वो 200 का आंकड़ा भी नहीं छू पाए लेकिन जिस तरह से हेटमायर आउट दिए गए वो एक चर्चा का विषय बन गया।
मोहम्मद आमिर ने मैच के बाद हेटमायर के आउट दिए जाने पर सवाल उठाए और कहा, हेटमायर को आउट दिया जाना विवादित था, मुझे नहीं लगता कि वो आउट थे और अगर वहां पर वो थोड़ा और खेल जाते तो स्कोर 220-230 होता इंडिया आज भी बाहर हो गया था। अमूमन 190-195 में एक लंबी पारी चाहिए होती है जो सैमसन ने खेली और वो मैच निकाल ले गया।"
Also Read: LIVE Cricket Score
बता दें कि 195 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन पावरप्ले में ही 10-10 रन बनाकर आउट हो गए। दबाव के बीच संजू सैमसन ने एक छोर संभाले रखा। कप्तान सूर्यकुमार यादव (18), तिलक वर्मा (27) और हार्दिक पांड्या (17) ने भी इस दौरान अहम साझेदारियां निभाईं, लेकिन असली जिम्मेदारी सैमसन ने उठाई। उन्होंने आखिरी तक क्रीज पर टिके रहते हुए 50 गेंदों में नाबाद 97 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इस तरह भारत ने 4 गेंद बाकी रहते 5 विकेट से मुकाबला जीत लिया। वेस्टइंडीज के लिए जेसन होल्डर और शमर जोसेफ ने 2-2 विकेट लिए, जबकि अकील हुसैन को 1 सफलता मिली।