आईपीएल 2025 के 16वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस को 12 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत हासिल कर ली।मुंबई इंडियंस को 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करना था लेकिन वो निर्धारित 20 ओवरों में 191 रन ही बना सके और 12 रन से मैच हार गए। इस हार के बाद मुंबई इंडियंस के एक फैसले की भी काफी आलोचना हो रही है।

Advertisement

दरअसल, मुंबई के खेमे ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर संघर्ष कर रहे तिलक वर्मा को रिटायर्ड आउट करने का फैसला किया लेकिन ये फैसला उनके पक्ष में नहीं गया और मुंबई को हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद इस रणनीतिक फैसले की कई दिग्गजों ने आलोचना की और अब मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने ने इस फैसले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। 

जयवर्धने ने कहा कि तिलक वर्मा को रिटायर आउट करने का फैसला एक रणनीतिपूर्ण फैसला था, क्योंकि लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रन चेज के दौरान बाएं हाथ का ये बल्लेबाज रन बनाने में संघर्ष कर रहा था। तिलक ने हाई-प्रेशर चेज में 23 गेंदों पर 25 रन बनाए और इकाना स्टेडियम में उन्हें कोई भी लय नहीं मिल पाई, जिसके कारण मुंबई ने मैच 12 रन से गंवा दिया।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जयवर्धने से इस बारे में पूछा गया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "जब हमने वो विकेट खो दिया था, तब तिलक ने हमारे लिए अच्छी बल्लेबाजी की और सूर्यकुमार के साथ साझेदारी की। वो रन बनाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वो ठीक से रन नहीं बना पाया। हमने आखिरी कुछ ओवरों तक इंतजार किया, उम्मीद थी कि चूंकि उसने बीच में कुछ समय बिताया है, इसलिए वो हिट करने में सक्षम होगा। लेकिन वो संघर्ष कर रहा था, और उन क्षणों में, आपको किसी नए खिलाड़ी की जरूरत होती है। किसी को इस तरह से आउट करना अच्छा नहीं है, लेकिन उस समय ये एक सामरिक निर्णय था। पूरी तरह से सामरिक, इसे बहुत ज्यादा मत समझो।"

आगे बोलते हुए जयवर्धने ने कहा, "ये पूरी तरह से सामरिक था। हम सिर्फ एक खिलाड़ी को बाहर कर रहे थे और दूसरे को अंदर ला रहे थे। इसे बहुत ज्यादा मत समझो-ये सिर्फ खेल-आधारित निर्णय था।"

खैर, ये फैसला जिस भी वजह से लिया गया हो लेकिन फिलहाल मुंबई को इस फैसले की वजह से काफी ट्रोल किया जा रहा है। इस हार के साथ मुंबई अंक तालिका में सातवें स्थान पर लुढ़क गया है और अब मुंबई का अगला मुकाबला 7 अप्रैल सोमवार को आरसीबी से होगा।

लेखक के बारे में

Shubham Sharma
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार