मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में युवा भारतीय ऑलराउंडर नमन धीर ने शानदार डाइव लगाकर श्रेयस अय्यर का मुश्किल कैच लपका। इससे पहले वह एक मौका छोड़ भी चुके थे, लेकिन अगली ही कोशिश में उन्होंने कमाल कर दिखाया और उनकी इस मेहनत ने फैंस का दिल जीत लिया।
वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार (16 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में नमन धीर ने अपनी शानदार फील्डिंग से सुर्खियां बटोर लीं। इस युवा खिलाड़ी ने एक बेहतरीन डाइविंग कैच पकड़कर पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की शानदार पारी का अंत कर दिया।
दरअसल, श्रेयस अय्यर बेहतरीन लय में बल्लेबाजी कर रहे थे और लगातार बड़े शॉट खेलने की कोशिश में थे। शार्दुल ठाकुर के 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने एक बार फिर बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन इस बार नमन धीर उनके सामने दीवार बनकर खड़े हो गए।
ओवर की पहली गेंद पर नमन धीर एक आसान सा मौका छोड़ चुके थे, जिससे श्रेयस को जीवनदान मिला। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और दो गेंद बाद जब श्रेयस ने पैड्स से फ्लिक करते हुए गेंद को हवा में भेजा, तो धीर ने शानदार अंदाज़ में आगे की ओर डाइव लगाई। उन्होंने तेजी से आगे बढ़ते हुए गेंद को जमीन पर गिरने से पहले ही लपक लिया। यह कैच देखने में जितना आसान लग रहा था, असल में उतना ही मुश्किल था। नमन धीर की टाइमिंग और जजमेंट दोनों ही शानदार थे। इस कैच के साथ ही श्रेयस अय्यर की 35 गेंदों में 66 रन की शानदार पारी का अंत हो गया और उन्हें मैच खत्म करने से पहले ही पवेलियन लौटना पड़ गया।
अगर मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 196 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। क्विंटन डी कॉक ने शानदार शतक जड़ते हुए 60 गेंदों में नाबाद 112 रन बनाए, जबकि नमन धीर ने भी 50 रन की अहम पारी खेली। जवाब में प्रभसिमरन सिंह 39 गेंदों में नाबाद 80 रन और श्रेयस अय्यर (66) की शानदार पारियों से पंजाब किंग्स ने यह लक्ष्य 16.3 ओवर में ही हासिल कर लिया।