Nashra Sandhu Record: पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की स्पिन गेंदबाज़ नशरा संधू (Nashra Sandhu) ने बीते सोमवार, 07 सितंबर को महिला एशिया कप 2026 (Women's Asia Cup 2026) के 11वें मुकाबले में हांगकांग के खिलाफ शानदार गेंदबाज़ी की और अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 6 विकेट चटकाए। गौरतलब है कि ये धमाकेदार प्रदर्शन करके नशरा ने इतिहास रचा है और पाकिस्तान की पूर्व खिलाड़ी मरीना इकबाल (Marina Iqbal) का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, नशरा संधू दुबई के मैदान पर हांगकांग के 6 विकेट लेने के बाद अब महिला एशिया कप में पाकिस्तान के लिए एक इनिंग के बेस्ट बॉलिंग फीगर रखने वाली गेंदबाज़ बन गईं हैं। उन्होंने मरीना इकवाल को पछाड़कर ये रिकॉर्ड बनाया है, जिन्होंने आज से 14 साल पहले यानी साल 2012 में थाईलैंड के खिलाफ 3 ओवर में 10 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे।
इतना ही नहीं, ये भी जान लीजिए कि नशरा संधू महिला एशिया कप के इतिहास में भी एक इनिंग में बेस्ट बॉलिंग फीगर रखने वाली दूसरी नंबर की गेंदबाज़ बन गईं हैं। इस लिस्ट में उनसे ऊपर सिर्फ और सिर्फ श्रीलंकाई दिग्गज चमारी अट्टापट्टू हैं, जिन्होंने साल 2026 में ही इंडोनेशिया के खिलाफ 3.3 ओवर में 5 रन देकर 7 विकेट चटकाए थे।
विमेंस एशिया कप की एक इनिंग में बेस्ट फीगर
- चमारी अट्टापट्टू (श्रीलंका) - 3.3 ओवर में 5 रन देकर 7 विकेट बनाम इंडोनेशिया (साल 2026)
- नशरा संधू (पाकिस्तान) - 4 ओवर में 7 रन देकर 6 विकेट बनाम हांगकांग (साल 2026)
- मरीना इकबाल (पाकिस्तान) - 3 ओवर में 10 रन देकर 5 विकेट बनाम थाईलैंड (साल 2012)
- वोंगपाका लिएंगप्रासर्ट (थाईलैंड) - 4 ओवर में 12 रन देकर 5 विकेट बनाम श्रीलंका (साल 2018)
- ओमाइमा सोहेल (पाकिस्तान) - 4 ओवर में 13 रन देकर 5 विकेट बनाम श्रीलंका (साल 2022)
मैच का हाल: दुबई के मैदान पर पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी और स्कोरबोर्ड पर अपनी पारी के 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 143 रन टांगे। उनके लिए सलामी बल्लेबाज़ शवाल ज़ुल्फ़िकार ने 35 गेंदों पर 47 रनों की पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में हांगकांग की टीम 19 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 71 रन बनाकर ऑलआउट हुई। तो ऐसे पाकिस्तान ने ये मुकाबला 72 रनों से जीता और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। उनका मुकाबला श्रीलंका से होगा।