Women's T20 World Cup 2028 Qualification: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2028 के लिए अब तक 12 में से 9 टीमों की तस्वीर साफ हो चुकी है। मौजूदा महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप चरण में टॉप-4 में रहने वाली आठ टीमों ने सीधे अगले वर्ल्ड कप में जगह बना ली है। वहीं पाकिस्तान को भी खराब प्रदर्शन के बावजूद ऑटोमैटिक एंट्री मिल गई।
आईसीसी ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2028 के लिए अब तक 12 में से 9 टीमों की पुष्टि कर दी है। मौजूदा महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप चरण में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमों ने सीधे 2028 के टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर लिया है। ग्रुप-1 से ऑस्ट्रेलिया, भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश ने अगले वर्ल्ड कप के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं ग्रुप-2 से इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और श्रीलंका ने सीधे एंट्री हासिल की है।
इन आठ टीमों के अलावा पाकिस्तान को भी सीधे टूर्नामेंट में जगह मिल गई है। हालांकि पाकिस्तान का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में निराशाजनक रहा और टीम पांचवें स्थान पर रही। उसने पांच मैचों में सिर्फ एक जीत हासिल की, लेकिन 2028 महिला टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी पाकिस्तान के पास होने के कारण उसे ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन मिल गया।
अब टूर्नामेंट की 10वीं टीम का फैसला 6 जुलाई 2026 तक जारी होने वाली आईसीसी महिला टी20 रैंकिंग के आधार पर होगा। फिलहाल इस स्थान पर आयरलैंड की टीम सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही है, जो रैंकिंग में नौवें स्थान पर मौजूद है।
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं आईसीसी ने अगले साल श्रीलंका में होने वाली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी क्वालिफिकेशन नियमों की घोषणा कर दी है। मेजबान श्रीलंका के अलावा 6 जुलाई की समयसीमा तक आईसीसी रैंकिंग में शीर्ष पांच टीमें सीधे इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई करेंगी। मौजूदा रैंकिंग के अनुसार ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका इस टूर्नामेंट में जगह बनाने की दौड़ में सबसे आगे हैं।