Nitish Rana Viral Video: दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के अनुभवी बल्लेबाज़ नितीश राणा (Nitish Rana) बीते मंगलवार, 05 मई को आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 48वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने बैट से कुछ खास प्रदर्शन नहीं पाए और 13 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। गौरतलब है कि अब सोशल मीडिया पर उनके आउट होने का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें नितीश के एक ही गेंद पर दो तरीके से आउट होने का दावा किया गया है। इस वायरल वीडियो की पूरी सच्चाई क्या है, आज हम अपने खास आर्टिकल के जरिए आपको यही बताने वाले हैं।
क्या एक ही गेंद पर दो तरीके से आउट हुए नितीश राणा?: ये पूरी घटना दिल्ली कैपिटल्स की इनिंग के 10वें ओवर में घटी। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ये ओवर स्पिन गेंदबाज़ नूर अहमद करने आए थे जिनकी तीसरी गेंद पर नितीश राणा ने घुटने पर बैठकर स्वीप शॉट खेला और डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग की तरफ कार्तिक शर्मा को कैच दे दिया।
ध्यान देने वाली बात ये है कि जब नितीश ने अपना शॉट खेला, उसके तुरंत बाद ही तेज हवा के कारण स्टंप्स के ऊपर रखे बेल्स जमीन पर गिर गए। यानी वो खुद हिट विकेट नहीं हुए थे, बल्कि हवा ने बेल्स को गिराया था। कुल मिलाकर यहां वो सिर्फ और सिर्फ कैच आउट थे।
CSK ने 8 विकेट से जीता मैच: IPL 2026 का 48वां मुकाबला दिल्ली के ही अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया था जहां मेजबान टीम ने ही टॉस जीता और बैटिंग करके अपनी इनिंग के 20 ओवर में 155 रन बनाए। इसके जवाब में चेन्नई के लिए संजू सैमसन ने 52 गेंदों पर नाबाद 87 रन ठोके, वहीं कार्तिक शर्मा ने 31 गेंदों पर नाबाद 41 रन बनाए। इन्हीं पारियों के दम पर मेहमान टीम ने बेहद ही आसानी से 17.3 ओवर में 156 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 8 विकेट से जीत दर्ज की।
पॉइंट्स टेबल का हाल: ऋतुराज गायकवाड़ की कैप्टेंसी वाली चेन्नई सुपर किंग्स साल 2026 के सीजन में अब तक अपने 10 मैचों में 5 मुकाबले जीती है और उनके नाम 10 अंक दर्ज हैं, वो पॉइंट्स टेबल पर छठे पायदान पर है। बात करें अगर दिल्ली कैपिटल्स की तो उन्होंने 10 में से सिर्फ 4 जीत दर्ज की है और वो 8 अंकों के साथ सातवें पायदान पर मौजूद है।
Also Read: LIVE Cricket Score
बताते चलें कि पॉइंट्स टेबल की चार टॉप टीमें, पंजाब किंग्स (09 मैचों में 6 जीत), रॉयल चैलैंजर्स बेंगलुरु (09 मैचों में 6 जीत), सनराइजर्स हैदराबाद (10 मैचों में 6 जीत) और राजस्थान रॉयल्स (10 मैचों में 6 जीत) हैं। वहीं टेबल के आखिरी में मुंबई इंडियंस (10 मैचों में 3 जीत) और लखनऊ सुपर जायंट्स (9 मैचों में 2 जीत) जैसे टीमें मौजूद हैं।