ICC Women's T20 World Cup 2026, Pakistan Women vs Bangladesh Women: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इस मुकाबले में पाकिस्तान की बल्लेबाजी इ पूरी तरह फ्लॉप रही और टीम 124 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 100 रन ही बना सकी। बांग्लादेश ने नाहिदा अख्तर और संजीदा अख्तर की शानदार गेंदबाजी के दम पर 23 रन से ये मुकाबला अपने नाम किया।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप चरण का 15वां मुकाबला शनिवार (20 जून) को साउथेम्प्टन के द रोज बाउल स्टेडियम में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला गया। इस मुकाबले में बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पावरप्ले के अंदर ही टीम ने अपने तीन विकेट गंवा दिए। दिलारा अख्तर 5 रन बनाकर आउट हुईं, जुआइरिया फिरदौस 7 रन ही बना सकीं, जबकि शारमिन अख्तर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं।
मुश्किल हालात में कप्तान निगार सुल्ताना ने पारी को संभाला और 38 गेंदों में 36 रन की जिम्मेदार पारी खेली। उन्हें सोभाना मोस्तारी का भी अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 19 गेंदों में 22 रन बनाए। आखिरी ओवरों में शोर्ना अख्तर ने तेजी से रन बटोरे और सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 39 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत बांग्लादेश ने निर्धारित 20 ओवर में 123 रन का स्कोर खड़ा किया।
पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में कप्तान फातिमा ने 2 विकेट हासिल किए। वहीं तस्मिया रूबाब, नाशरा संधू, सादिया इकबाल और तुबा हसन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
124 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत ठीक-ठाक रही। सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली और गुल फिरोजा ने पहले विकेट के लिए 45 गेंदों में 49 रन जोड़े। फिरोजा ने 18 गेंदों में 25 रन बनाए, जबकि मुनीबा अली ने 30 गेंदों में 25 रन की पारी खेली।
हालांकि इस साझेदारी के टूटते ही पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। आयशा जफर 11 रन और इरम जावेद 9 रन ही बना सकीं। आलिया रियाज और सायरा जबीन खाता भी नहीं खोल पाईं। कप्तान फातिमा सना ने एक छोर संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी 17 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 100 रन तक ही पहुंच सकी।
बांग्लादेश के लिए गेंदबाजी में नाहिदा अख्तर और संजीदा अख्तर ने 3-3 विकेट झटके। वहीं राबेया खान और रितु मोनी ने 1-1 सफलता हासिल की।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के साथ बांग्लादेश ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की और 4 अंकों के साथ ग्रुप-ए की अंकतालिका में तीसरे स्थान पर बनी हुई है। वहीं पाकिस्तान को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा और टीम का खाता अभी भी नहीं खुल पाया है।