बर्मिघम, 1 जुलाई (CRICKETNMORE)| आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 में भारतीय क्रिकेट टीम का सामना मंगलवार को एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर बांग्लादेश से होने जा रहा है। अभी तक बेहतरीन फॉर्म में दिखी भारतीय टीम को हालांकि अपने पिछले मैच में इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा। बांग्लादेश एक ऐसी टीम है जिससे इस वर्ल्ड कप में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद तो सभी ने की थी लेकिन जिस तरह की क्रिकेट यह एशियाई टीम खेल रही है, उसने सभी को हैरान कर दिया है। इस वर्ल्ड कप में इस टीम की खासियत उसके प्रदर्शन में निरंतरता रही है जिसकी कमी आज से पहले टीम के साथ पाई जाती थी। 

Advertisement

एजबेस्टन में होने वाले मैच में भारत को सतर्क रहना होगा। वैसे तो भारत सेमीफाइनल में जाने से एक अंक की दूरी पर है लेकिन अगर बांग्लादेश के खिलाफ उसे हार मिलती है तो उसका श्रीलंका के खिलाफ मैच करो या मरो जैसा हो जाएगा। 

Advertisement

बांग्लादेश किसी भी टीम का खेल बिगाड़ सकती है। 2007 वर्ल्ड कप में इसी टीम ने भारत को मात देकर शुरुआती दौर से बाहर कर दिया था। ऐसे में भारत को बांग्लादेश की मौजूदा फॉर्म को देखकर सतर्क रहना होगा। 

भारत के खिलाफ वैसे भी बांग्लादेश ने अमूमन अच्छा किया है, कई जीतें हासिल की हैं। इस बार यह टीम लय में है और आत्मविश्वास से भरी है। इस मैच से पहले भारत को एक और झटका भी लगा है। हरफनमौला खिलाड़ी विजय शंकर पैर में चोट के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। शंकर भारत के दूसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जो वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। उनसे पहले शिखर धवन को भी अंगूठे में चोट के कारण वर्ल्ड कप से बाहर जाना पड़ा था।

 

बांग्लादेश टीम को यहां तक पहुंचाने में उसके सबसे अनुभवी खिलाड़ी शाकिब अल हसन का अहम योगदान रहा है जिन्होंने बल्ले और गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन किया है। जबकि तमीम इकबाल ने दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड जैसी टीमों के खिलाफ बड़े मैचों में बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

बांग्लादेश सिर्फ शाकिब के दम पर ही नहीं है। तमीम इकबाल, महमदुल्ला, मुश्फीकुर रहीम, लिटन दास, इन सभी ने भी शाकिब के साथ मिलकर स्कोरबोर्ड को चलाया है।

Advertisement

गेंदबाजी में कप्तान मशरफे मुर्तजा, मुस्तफीजुर रहमान टीम के लिए बड़ा रोल निभाते आए हैं। 

लंबे अंतराल के ब्रेक के बाद मैदान पर उतर रही बांग्लादेश एक बार फिर भारत के खिलाफ शाकिब के ऊपर सबसे ज्यादा निर्भर करेगी और उम्मीद करेगी कि उनकी और रहीम की जोड़ी बड़े मैच में एक बार फिर कमाल दिखाए। इस मैच में जीत बांग्लादेश के लिए सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए भी जरूरी है। 

बीते वर्षों में बांग्लादेश की पहचान रही है कि जब उसके सामने करो या मरो की स्थिति आती है तो वो खतरनाक रूप ले लेती है। भारत को इस बात से वाकिफ रहना होगा। 

Advertisement

अगर भारतीय टीम की बात की जाए तो वह एक दिन पहले यानि रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी और एक दिन के आराम के बाद ही उसे यह मुकाबला खेलना है।

इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम का विजय क्रम रुक गया। मेजबान टीम के खिलाफ भारतीय टीम ने रन भी लुटाए और उसके बल्लेबाज रन भी नहीं बना पाए। 

जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी ने भारत को शुरुआत में विकेट तो नहीं दिलाए थे लेकिन रन रोकने में जरूर सफल हुए थे। मध्य के ओवरों में युजवेंद्र चहल तथा कुलदीप यादव की जोड़ी को काफी रन पड़े थे। इस मैच में भारत को अपनी कमियों का दोबारा पता चला।

Advertisement

गेंदबाजी में उसके खिलाड़ियों के पास एक रणनीति के विफल होने के बाद दूसरी रणनीति का अभाव दिखा था। इंग्लैंड के बल्लेबाजों को बांग्लादेश ने जरूर देखा होगा कि उन्होंने भारत के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने क्या किया। भारतीय गेंदबाजों को इस मैच में बेहतर रणनीति और बैकअप प्लान के साथ उतरना होगा क्योंकि जिस तरह की बल्लेबाजी जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो ने की थी उस तरह की बल्लेबाजी तमीम, शाकिब और रहीम करने में सक्षम हैं।

 

अगर भारतीय बल्लेबाजी की बात की जाए तो एक बार फिर भारत को गौर करना होगा कि शीर्ष क्रम के बल्लेबाज का अंत तक न रहना टीम के लिए हार की संभावना को बढ़ा देता है। रोहित और कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ बेहतरीन पारियां खेलीं लेकिन जैसे ही यह दोनों आउट हुए, भार आया मध्य क्रम पर जहां चोटिल शंकर की जगह नंबर-4 पर युवा ऋषभ पंत को मौका मिला था। पंत ने बल्लेबाजी अच्छी की लेकिन वह जल्दी आउट भी हो गए। 

हार्दिक पांड्या भी मैच को अंजाम तक पहुंचाने का दम नहीं दिखा पाए और महेंद्र सिंह धोनी का मिदास टच जैसे चौके और छक्कों की जगह एक-एक रन लेने तक ही सीमित हो गया है। 

Advertisement

एक हार हालांकि भारत को बुरी टीम नहीं बनाती है लेकिन यह जरूर बताती है कि जब सामने वाली टीम आपकी ताकत पर हावी हो तो आपके पास बैकअप प्लान हो, साथ ही पुरानी गलतियों को सुधारने का मौका भी देती है।

टीमें (संभावित प्लेइंग इलेवन)

भारत: विराट कोहली (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, ऋषभ पंत, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, हार्दिक पांड्या, केएल राहुल, मोहम्मद शमी, रोहित शर्मा, कुलदीप यादव।

Advertisement

बांग्लादेश: मशरफे मुर्तजा (कप्तान), तमीम इकबाल, सौम्य सरकार, रुबेल हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, महमदुल्ला, मोहम्मद सैफुद्दीन, शाकिब अल हसन, मेहदी हसन, लिटन दास, मुश्फीकुर रहीम (विकेटकीपर) ।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार