South Africa vs New Zealand T20 World Cup: साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक (Quinton de Kock) ने शनिवार (14 फरवरी) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में दो खास रिकॉर्ड बना दिए। डी कॉक ने लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका के लिए 14 गेंदों में 20 रन की पारी खेली, जिसमें तीन चौके औऱ एक छक्का जड़ा।
ऐसा करने वाले पहले साउथ अफ्रीकी
इस पारी के दौरान दूसरा रन बनाते ही डी कॉक ने टी-20 इंटरनेशनल में अपने 3000 रन पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले वह साउथ अफ्रीका के पहले औऱ दुनिया के 13वें क्रिकेटर बन गए हैं। डी कॉक के अब 105 मैच की 104 पारियों में 31.76 की औसत से 3018 रन हो गए हैं। साउथ अफ्रीका के लिए इस फॉर्मेट में रन के मामले में दूसरे नंबर पर डेविड मिलर हैं, जिनके नाम 2713 रन दर्ज हैं।
एमएस धोनी को छोड़ा पीछे
टी-20 वर्ल्ड कप में बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा शिकार करने के मामले में डी कॉक पहले नंबर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड की पारी में उन्होंने टिम सैफर्ट का कैच लपककर टी-20 वर्ल्ड कप में अपना 33वां शिकार किया। इस लिस्ट में उन्होंने भारत के पूर्व क्रिकेटर एमएस धोनी को पीछे छोड़ा है, जिनके नाम 32 शिकार दर्ज हैं।
टी-20 वर्ल्ड कप में बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा शिकार
33 क्विंटन डी कॉक
32 एमएस धोनी
30 कामरान अकमल
27 दिनेश रामदीन
गौरतलब है कि इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद न्यूजीलैंड ने 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। जिसमें मार्क चैपमैन ने 48 रन, डेरिल मिचेल ने 32 रन औऱ फिन एलन ने 31 रन बनाए।
साउथ अफ्रीका के लिए गेंदबाजी में कमाल करते हुए मार्को यान्सेन ने 4 विकेट लिए।
Also Read: LIVE Cricket Score
जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम ने 17.1 ओवर में 3 विकेट गवाकर ही जीत हासिल कर ली। मार्करम ने 44 गेंदों में नाबाद 86 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के जड़े।