कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2026) में गुरुवार (3 सितंबर) को एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स (Antigua and Barbuda Falcons) और त्रिनबागो नाइट राइडर्स (Trinbago Knight Riders) के बीच खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर रहकीम कॉर्नवाल (Rahkeem Cornwall) का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में खेले गए इस मुकाबले में कॉर्नवाल ने बल्ले से तेज शुरुआत दिलाई और फिर गेंद से भी अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

Advertisement

पहले बल्लेबाजी करने उतरी एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स के लिए पारी की शुरुआत रहकीम कॉर्नवाल ने की। त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने शुरुआती ओवर में अपने स्टार बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन (Akeal Hosein) को गेंद थमाई। अकील हुसैन के ओवर की पहली गेंद के बाद कॉर्नवाल ने लगातार चार गेंदों पर चार चौके जड़ दिए। उन्होंने दूसरे से पांचवें गेंद तक तीन शानदार कट शॉट खेले, जबकि एक गेंद को फ्लिक करते हुए बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। वहीं अकील हुसैन ने पारी के पहले ही ओवर में 17 रन लुटा दिए।

VIDEO:

गौरतलब है कि अकील हुसैन को चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2026 की मिनी ऑक्शन में 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया था। ऐसे में उनके खिलाफ कॉर्नवाल की यह आक्रामक बल्लेबाजी चर्चा का विषय बन गई।

हालांकि, कॉर्नवाल ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके। उन्होंने सिर्फ 7 गेंदों में 20 रन बनाए और अपनी छोटी लेकिन विस्फोटक पारी में पांच चौके लगाए। इसके बाद हसन नवाज ने मोर्चा संभालते हुए 48 गेंदों में 76 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स ने 20 ओवर में 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया।

लेकिन कॉर्नवाल का असली कमाल अभी बाकी था। दूसरी पारी में गेंद उनके हाथ में आई तो उन्होंने गेंद से भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। 

Also Read: LIVE Cricket Score

नाइट राइडर्स की टीम 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 175 रन तक ही पहुंच सकी और एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स ने मुकाबला 8 रन से अपने नाम कर लिया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार