आईपीएल 2026 के अहम मोड़ पर राजस्थान रॉयल्स ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। विकेटकीपर बल्लेबाज़ रवि सिंह चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं, जिसके बाद फ्रेंचाइजी ने पंजाब के युवा ऑलराउंडर इमानजोत सिंह चहल को टीम में शामिल किया है।
आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की रेस के बीच राजस्थान रॉयल्स ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज़ रवि सिंह चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, जिसके बाद राजस्थान ने उनकी जगह पंजाब के 21 साल के युवा ऑलराउंडर इमानजोत सिंह चहल को स्क्वाड में शामिल किया है।
आईपीएल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंटर आधिकारिक तौर पर जानकारी देते हुए बताया कि रवि सिंह हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से बाकी सीजन में नहीं खेल पाएंगे। रवि ने इस सीजन सिर्फ एक मुकाबला खेला था, जो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 17 मई को हुआ था। हालांकि इसके बाद उनकी चोट गंभीर निकली और अब उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
उनकी जगह टीम में शामिल किए गए इमानजोत सिंह चहल पंजाब के पटियाला से आते हैं और लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। 2004 में जन्मे इस युवा खिलाड़ी ने पंजाब के लिए तीन फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 11 विकेट हासिल किए हैं। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा है।
राजस्थान रॉयल्स के लिए यह बदलाव काफी अहम समय पर आया है क्योंकि टीम अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। RR ने इस सीजन अब तक 13 मुकाबलों में 7 जीत हासिल की हैं और टीम के 14 अंक हैं। अंकतालिका में फिलहाल टीम चौथे स्थान पर मौजूद है, लेकिन पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी टीमें भी बेहद करीब हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब राजस्थान रॉयल्स का आखिरी लीग मुकाबला रविवार (24 मई) को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। यह मैच टीम के लिए करो या मरो जैसा माना जा रहा है। अगर RR यह मुकाबला जीत जाती है तो टीम प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर सकती है। ऐसे में इमानजोत सिंह चहल की एंट्री को टीम के भविष्य और स्क्वाड डेप्थ दोनों के लिहाज से अहम हो सकती है।