टीम इंडिया के यंग विस्फोटक बल्लेबाज़ रिंकू सिंह (Rinku Singh) टी20 वर्ल्ड कप 2024 (T20 World Cup 2024) के बाद बारबाडोस में टीम इंडिया के साथ तूफान में फंस गए थे। वो जिम्बाब्वे के खिलाफ 6 जुलाई से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज का हिस्सा हैं, ऐसे में फैंस के मन में ये सवाल जरूर होगा कि रिंकू सिंह है कहां? और क्या वो जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में होने वाला पहला टी20 मैच खेल भी पाएंगे या नहीं?
आपको बता दें कि रिंकू सिंह से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है। दरअसल, खुद रिंकू ने ये संकेत दे दिये हैं कि वो जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के पहले मैच से टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे। रिंकू ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक स्टोरी शेयर की है जिसमें वो फ्लाइट में बैठे हुए नज़र आ रहे हैं। यानी रिंकू ने जिम्बाब्वे के लिए उड़ान भर ली है।
गौरतलब है कि वो टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए इंडिया स्क्वाड में बतौर बैकअप प्लेयर शामिल किये गए थे। टूर्नामेंट खत्म होने के बाद जैसे ही तूफान शांत हुआ वैसे ही इंडियन टीम वापस घर आ गई, लेकिन रिंकू ने बारबाडोस से ही जिम्बाब्वे के लिए फ्लाइट पकड़ी। रिंकू के साथ तेज गेंदबाज़ हर्षित राणा और खलील अहमद भी जिम्बाब्वे के लिए निकल चुके हैं।
ये भी जान लीजिए कि इंडिया-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के लिए संजू सैमसन, शिवम दुबे और यशस्वी जायसवाल को भी चुना गया था, लेकिन वो पहले दो मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। ऐसे में उनकी रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में हर्षित राणा, साई सुदर्शन और जितेश शर्मा को शामिल किया है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले और दूसरे टी20 मैच के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), रवि बिश्नोई, मुकेश कुमार, तुषार देशपांडे, आवेश खान, रियान पराग, वाशिंगटन सुंदर, खलील अहमद, साई सुदर्शन, जितेश शर्मा (विकेट कीपर), और हर्षित राणा।