ENG vs IND 3rd ODI: इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में भारत के स्टार सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। उनकी इस यादगार पारी के साथ ही 22 साल पुराना पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सौरव गांगुली का रिकॉर्ड भी टूट गया। रोहित वनडे क्रिकेट में लॉर्ड्स के मैदान पर शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए।
इंग्लैंड और भारत के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार (19 जुलाई) को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जा रहा है। 389 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को मजबूत शुरुआत की जरूरत थी और यह जिम्मेदारी रोहित शर्मा ने शानदार अंदाज में निभाई।
रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 147 रन की बेहतरीन साझेदारी कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। शुभमन गिल 84 गेंदों में 77 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रोहित ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 84 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 110 गेंदों में 138 रन की शानदार पारी खली, जिसमें 17 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
इस शतक के साथ रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स के मैदान पर इतिहास रच दिया। वह वनडे इंटरनेशनल में इस प्रतिष्ठित मैदान पर शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। इससे पहले वनडे में लॉर्ड्स में किसी भी भारतीय बल्लेबाज का सर्वोच्च स्कोर पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के नाम था, जिन्होंने 2004 में इंग्लैंड के खिलाफ 119 गेंदों में 90 रन बनाए थे। रोहित ने उस 22 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
लॉर्ड्स में वनडे में भारतीय बल्लेबाजों का सर्वोच्च स्कोर
- रोहित शर्मा (2026) – 138 रन
- सौरव गांगुली (2004) – 90 रन
- मोहम्मद कैफ (2002) – 87 रन*
- सुरेश रैना (2011) – 84 रन
- महेंद्र सिंह धोनी (2011) – 78 रन*
रोहित शर्मा ने इस मुकाबले में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। 39 साल और 80 दिन की उम्र में शतक लगाकर वह भारत के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा उम्र में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 2012 में बांग्लादेश के खिलाफ 38 साल 327 दिन की उम्र में शतक बनाया था।
भारत के लिए सबसे ज्यादा उम्र में वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज
- 39 साल 80 दिन – रोहित शर्मा बनाम इंग्लैंड (2026)
- 38 साल 327 दिन – सचिन तेंदुलकर बनाम बांग्लादेश (2012)
- 38 साल 178 दिन – रोहित शर्मा बनाम ऑस्ट्रेलिया (2025)
- 38 साल 113 दिन – सुनील गावस्कर बनाम न्यूजीलैंड (1987)
Also Read: LIVE Cricket Score
इतना ही नहीं, इस मुकाबले में रोहित शर्मा ने इंग्लैंड की धरती पर वनडे क्रिकेट में अपने 1500 रन भी पूरे कर लिए। वह इंग्लैंड में वनडे क्रिकेट में 1500 रन बनाने वाले पहले विदेशी बल्लेबाज बन गए। इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए उन्हें मैच से पहले सिर्फ 35 रन की जरूरत थी, जिसे उन्होंने आसानी से पूरा कर लिया।