भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने नमन अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन किया जिसमें 2024-2025 सीज़न में भारतीय क्रिकेटर्स के शानदार प्रदर्शन को सराहा गया। रविवार को आयोजित किए गए इस इवेंट में एक तरफ रोजर बिन्नी, राहुल द्रविड़ और मिताली राज जैसी महान हस्तियों को भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, शुभमन गिल को भी सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर के तौर पर नवाजा गया।
हालांकि, इस दौरान इस कार्यक्रम के प्रसारण के दौरान ग्राफ़िक्स में एक गलती भी देखने को मिली जिसने रोहित शर्मा के फ़ैंस को नाराज़ कर दिया। दरअसल, अवॉर्ड समारोह के दौरान, जब भारतीय वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल स्क्रीन पर थे, तो ऑन-स्क्रीन ग्राफ़िक्स में उन्हें "विनिंग कैप्टन, चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025" बताया गया। इस गलती को भारतीय फैंस ने पकड़ लिया और सोशल मीडिया पर बीसीसीआई को बहुत फटकार लगाई।
बता दें कि भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 जीती थी, जिसमें फ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड को हराया था। 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में रोहित की कप्तानी का बहुत बड़ा हाथ था ऐसे में उनके फैंस ने जब ग्राफिक्स में गिल को कप्तान के रूप में देखा तो उनसे रहा नहीं गया और उन्होंने सोशल मीडिया पर बवाल काट दिया। आइए देखते हैं कि फैंस ने किस तरह से बीसीसीआई को आड़े हाथों लिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं, इस बवाल के बीच गिल ने इस अवॉर्ड के लिए BCCI का धन्यवाद किया और कहा, "सबसे पहले, मुझे इस अवॉर्ड से सम्मानित करने के लिए BCCI का धन्यवाद। भारतीय क्रिकेट के कई महान खिलाड़ियों और दिग्गजों को ये अवॉर्ड पहले भी मिल चुका है, इसलिए यहां होना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है। एक भारतीय क्रिकेट टीम के तौर पर हमने पिछले साल जो कुछ भी हासिल किया, वो सचमुच ज़बरदस्त था। पांच ICC ट्रॉफ़ियां, मुझे नहीं लगता कि ऐसा पहले कभी हुआ है। मैं अपने टीम के साथियों को धन्यवाद देना चाहता हूं, क्योंकि उनके बिना ये सब मुमकिन नहीं हो पाता। मैं अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों का भी शुक्रिया अदा करना चाहूंगा, जिन्होंने मुझे आज इस मुकाम तक पहुंचाने में मदद की। एक बार फिर, आप सभी का धन्यवाद।"