Rohit Sharma Gifts Signed ODI Jersey to Jos Buttler: भारत और इंग्लैंड के बीच हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज के बाद रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर को अपनी साइन की हुई वनडे जर्सी गिफ्ट की थी। बटलर ने शुक्रवार (24 जुलाई) को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसकी तस्वीर शेयर कर इस खास तोहफे के लिए रोहित का धन्यवाद किया।
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी और पहला मुकाबला 6 विकेट से जीता था। हालांकि इसके बाद टीम इंडिया अगले दो मुकाबले हार गई और सीरीज 2-1 से गंवा बैठी। सीरीज का आखिरी मुकाबला लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला गया था।
लॉर्ड्स वनडे में रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 110 गेंदों में 138 रन की यादगार पारी खेली। भले ही वह भारत को जीत नहीं दिला सके, लेकिन इस पारी के दम पर उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। रोहित लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने।
सीरीज खत्म होने के बाद रोहित शर्मा ने अपनी ऑटोग्राफ वाली ODI जर्सी जोस बटलर को गिफ्ट की थी। जर्सी पर रोहित ने एक खास मैसेज भी लिखा था। उन्होंने कहा कि वर्षों तक बटलर के साथ और उनके खिलाफ खेलना हमेशा शानदार अनुभव रहा और उन्होंने इसे खूब एंजॉय किया।
जोस बटलर ने इस जर्सी की तस्वीर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा, "विपक्षी टीम के किसी खिलाड़ी की यही एक जर्सी थी जिसे मैं हमेशा अपने पास रखना चाहता था। वह मेरे ऑल टाइम फेवरेट खिलाड़ियों में से एक हैं। मैं इसे हमेशा संभालकर रखूंगा। धन्यवाद रोहित शर्मा।"
रोहित शर्मा और जोस बटलर का रिश्ता आईपीएल से भी जुड़ा हुआ है। बटलर ने साल 2016 में मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा की कप्तानी में आईपीएल डेब्यू किया था। वह 2017 में मुंबई इंडियंस की खिताब जीतने वाली टीम का भी हिस्सा रहे थे, जिसने फाइनल में राइजिंग पुणे सुपरजायंट को हराया था।
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर इस दौरे में बटलर के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने भारत के खिलाफ सभी पांच टी20 और तीन वनडे मुकाबले खेले। वनडे सीरीज में उनके बल्ले से तीन पारियों में 63 रन निकले, जबकि टी20 सीरीज में उन्होंने चार पारियों में 175 रन बनाए।