भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। हिटमैन इस साल एक बार फिर घरेलू क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को खुद जानकारी दी है कि वह आगामी विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy) में मुंबई की टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे। 

हालांकि, वह टूर्नामेंट के कितने मैच खेलेंगे, इसका खुलासा बाद में किया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, रोहित शर्मा भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज के बाद मुंबई की टीम से जुड़ सकते हैं। यह सीरीज 13 से 19 दिसंबर तक खेली जानी है। इसके तीनों मुकाबले दिल्ली, बेंगलुरु और अहमदाबाद में होंगे। 

मुंबई की टीम विजय हजारे ट्रॉफी में अपना चौथा मुकाबला 21 दिसंबर को सौराष्ट्र के खिलाफ खेलेगी। वहीं टूर्नामेंट का शुरुआती चरण 14 से 29 दिसंबर तक खेला जाएगा, जबकि नॉकआउट मुकाबले 2 से 8 जनवरी के बीच होंगे। वहीं, भारत को 3 जनवरी से जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेलनी है। ऐसे में रोहित के पास घरेलू टूर्नामेंट में खेलने के लिए सीमित समय रहेगा।

यह पहला मौका नहीं होगा जब रोहित शर्मा विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की ओर से खेलते नजर आएंगे। पिछले सीजन में भी उन्होंने इस टूर्नामेंट के लिए अपनी उपलब्धता दी थी और मुंबई की तरफ से दो मुकाबले खेले थे। यह 2018 के बाद इस टूर्नामेंट में उनकी पहली उपस्थिति थी।

Also Read: LIVE Cricket Score

पिछले सीजन में रोहित ने सिक्किम के खिलाफ शानदार अंदाज में वापसी की थी। उन्होंने महज 94 गेंदों में 155 रनों की तूफानी पारी खेली थी। इस मुकाबले को देखने के लिए स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे थे। हालांकि, अगले मैच में उत्तराखंड के खिलाफ उनका बल्ला नहीं चला और वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में अब एक बार फिर रोहित के विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने की खबर से उनके फैंस उत्साहित हैं। 

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार