India vs South Africa: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में खेला जा रहा पहला टेस्ट मैच चेतेश्वर पुजारा के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। पहली पारी में पुजारा पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए और इसी के चलते सोशल मीडिया पर फैंस उनको जमकर फटकार भी लगा रहे हैं।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें पुजारा को फटकार नहीं बल्कि शाबासी मिलती हुई नजर आ रही है। इस वीडियो में हेड कोच राहुल द्रविड़ पुजारा का हौंसला बढ़ाते हुए नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि ये वीडियो काफी तेज़ी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पुजारा ड्रेसिंग रूम में खड़े हुए होते हैं तभी द्रविड़ उनकी ओर चलते हुए उनकी पीठ थपथपाते हैं जिसके बाद पुजारा के चेहरे पर भी मुस्कान आ जाती है। यही वो पल होता है जब फैंस द्रविड़ के मुरीद हो जाते हैं।
वहीं, अगर इस मैच की बात की जाए तो टीम इंडिया इस समय मज़बूत स्थिति में नजर आ रही है। सलामी बल्लेबाज़ केएल राहुल शतक बनाकर नाबाद हैं जबकि अजिंक्य रहाणे 40 रन बनाकर नाबाद हैं। हालांकि, बारिश ने दूसरे दिन का मज़ा किरकिरा कर दिया है जिसके चलते फैंस को मायूसी का सामना करना पड़ा है।