T20 World Cup 2026 Super 8, India vs West Indies Highlights: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए वेस्टइंडीज ने 195 रन बनाए, लेकिन संजू सैमसन की नाबाद 97 रन की पारी ने पूरा मैच पलट दिया। भारत ने 4 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और अब सेमीफाइनल में टीम इंडिया का सामना इंग्लैंड से होगा।
रविवार (1 मार्च) को खेले गए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के इस निर्णायक मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला सेमीफाइनल की टिकट तय करने वाला था।
वेस्टइंडीज की शुरुआत संभली हुई रही। शाई होप और रोस्टन चेज ने पहले विकेट के लिए 53 गेंदों में 68 रन जोड़े। चेज ने 25 गेंदों में 40 रन की तेज पारी खेली, जबकि होप ने 33 गेंदों में 32 रन बनाए। इसके बाद शिमरोन हेटमायर ने 12 गेंदों में 27 रन ठोककर रनगति को और तेज किया।
अंतिम ओवरों में रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने मैच का रुख बदलने की कोशिश की। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 38 गेंदों में नाबाद 76 रन की साझेदारी हुई। पॉवेल ने 19 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाए, जबकि होल्डर ने 22 गेंदों में 37 रन की पारी खेली। इस तरह वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 195 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट झटके, जबकि हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 सफलता मिली।
195 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन पावरप्ले में ही 10-10 रन बनाकर आउट हो गए। दबाव के बीच संजू सैमसन ने एक छोर संभाले रखा। कप्तान सूर्यकुमार यादव (18), तिलक वर्मा (27) और हार्दिक पांड्या (17) ने भी इस दौरान अहम साझेदारियां निभाईं, लेकिन असली जिम्मेदारी सैमसन ने उठाई। उन्होंने आखिरी तक क्रीज पर टिके रहते हुए 50 गेंदों में नाबाद 97 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इस तरह भारत ने 4 गेंद बाकी रहते 5 विकेट से मुकाबला जीत लिया।
वेस्टइंडीज के लिए जेसन होल्डर और शमर जोसेफ ने 2-2 विकेट लिए, जबकि अकील हुसैन को 1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के साथ भारत ग्रुप-1 से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम बन गया। अब गुरुवार (5 मार्च) को सेमीफाइनल-2 में टीम इंडिया का मुकाबला इंग्लैंड से होगा।