Shubman Gill Fitness Update: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार (27 सितंबर) को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। शुक्रवार (25 सितंबर) को भारतीय कप्तान शुभमन गिल को लेकर थोड़ी चिंताजनक खबर सामने आई थी। हालांकि अब टीम मैनेजमेंट की ओर से उनकी फिटनेस को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है।
दरअसल, टीम के अभ्यास सत्र के दौरान गिल की दाईं कोहनी के पास मोहम्मद सिराज की गेंद लगी थी। गेंद लगने के बाद उन्हें करीब 20 मिनट तक मेडिकल टीम ने देखा और इलाज किया। इसके बाद गिल दोबारा मैदान पर लौटे और थ्रोडाउन का सामना भी किया था।
शनिवार (26 सितंबर) को पहले वनडे से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक से गिल की फिटनेस को लेकर सवाल पूछा गया। उन्होंने कप्तान की स्थिति पर अपडेट देते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि गिल पूरी तरह ठीक हैं और खेलने के लिए तैयार हैं।
कोटक के इस बयान से भारतीय टीम और फैंस को बड़ी राहत मिली है। ऐसे में उम्मीद है कि गिल वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते हैं।
गिल के लिए यह सीरीज भी काफी अहम है। 2027 वनडे वर्ल्ड कप में अब ज्यादा समय नहीं बचा है और भारतीय टीम के कप्तान के तौर पर उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। वनडे क्रिकेट में गिल का रिकॉर्ड बल्ले से शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 67 मुकाबलों में 60.33 की औसत और 100.95 के स्ट्राइक रेट से 3,379 रन बनाए हैं। उनके नाम इस फॉर्मेट में 9 शतक और 20 अर्धशतक भी दर्ज हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम में होने के बाद दोनों टीमें 30 सितंबर को गुवाहाटी में दूसरा वनडे खेलेंगी। सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में होगा।
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिव नबी, यशस्वी जायसवाल और नमन धीर।