Women's T20 World Cup 2026, India Women vs Netherlands Women: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड को 95 रन से करारी शिकस्त दी। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने 209 रन का बड़ा स्कोर बनाया। जवाब में नीदरलैंड की टीम 114 रन पर सिमट गई। 

Advertisement

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 10वां लीग स्टेज मुकाबला बुधवार (17 जून) को लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में भारत और नीदरलैंड के बीच खेला गया। नीदरलैंड की कप्तान बाबेट डे लीडे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

Advertisement

हालांकि उनका यह फैसला भारतीय सलामी बल्लेबाजों के सामने ज्यादा कारगर साबित नहीं हुआ। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 71 गेंदों में 115 रन जोड़कर शानदार शुरुआत दिलाई। शेफाली ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दौरान 38 गेंदों में 55 रन बनाए। वहीं स्मृति ने भी शानदार लय दिखाते हुए 47 गेंदों में 74 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में 11 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।

आखिरी ओवरों में ऋचा घोष ने एक बार फिर फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई। उन्होंने सिर्फ 8 गेंदों में 20 रन बनाकर टीम को 209 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

नीदरलैंड के लिए गेंदबाजी में कैरोलाइन डे लांगे ने 2 विकेट लिए। वहीं आइरिस ज़्विलिंग, मर्थे वैन डेर राड और हीदर सीगर्स को 1-1 सफलता मिली।

210 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज हीदर सीगर्स ने 20 और फीबे मोल्केनबोअर ने 15 रन बनाकर आउट हो गई। कप्तान बाबेट डे लीडे ने 27 गेंदों में 28 रन बनाए, लेकिन वह भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रही।

Advertisement

इसके बाद तो नीदरलैंड का पूरा बल्लेबाजी क्रम जैसे बिखर ही गया। नीदरलैंड के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और पूरी टीम 17.3 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारत की ओर से गेंदबाजी में श्री चरणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। शेफाली वर्मा ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 3 विकेट हासिल किए। नंदनी शर्मा को 2 विकेट मिले, जबकि दीप्ति शर्मा ने 1 विकेट अपने नाम किया।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस तरह भारत ने यह मुकाबला 95 रन के बड़े अंतर से जीत लिया और टीम अब ग्रुप-ए की अंकतालिका में 4 अंकों और +3.975 नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई है। वहीं नीदरलैंड को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा और टीम अब तक अपना खाता नहीं खोल सकी है।

Advertisement

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार