The Hundred Women's 2026, BP-W vs TR-W: द हंड्रेड विमेंस 2026 के चौथे मुकाबले में ट्रेंट रॉकेट्स ने बर्मिंघम फीनिक्स को पूरी तरह एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से हरा दिया। पहले गेंदबाजी करते हुए रॉकेट्स ने फीनिक्स को सिर्फ 64 रन पर समेट दिया। इसके बाद सोफिया डंकली की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने महज 31 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।
द हंड्रेड विमेंस 2026 का चौथा मुकाबला शुक्रवार (24 जुलाई) को बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में बर्मिंघम फीनिक्स और ट्रेंट रॉकेट्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में ट्रेंट रॉकेट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उनके गेंदबाजों ने शुरुआत से ही मेजबान टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी बर्मिंघम फीनिक्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 15 रन के स्कोर पर अपने 6 विकेट गंवा दिए। लगातार विकेट गिरने के बीच कप्तान एलिस कैप्सी ने एक छोर संभालते हुए 33 गेंदों में 39 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। हालात ऐसे रहे कि टीम की बाकी कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी और पूरी टीम 95 गेंदों में सिर्फ 64 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
ट्रेंट रॉकेट्स की ओर से जॉर्जिया एल्विस और सामंथा बेट्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट अपने नाम किए। वहीं किम गार्थ ने 2 विकेट झटके, जबकि एशले गार्डनर को 1 सफलता मिली।
65 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रेंट रॉकेट्स की सलामी बल्लेबाज सोफिया डंकली ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में नाबाद 43 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।
दूसरी ओर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी सोफी लफ ने भी 9 गेंदों में नाबाद 19 रन की तेज पारी खेली। इस तरह ट्रेंट रॉकेट्स ने सिर्फ 31 गेंदों में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 9 विकेट से एकतरफा जीत अपने नाम कर ली।
Also Read: LIVE Cricket Score
बर्मिंघम फीनिक्स की ओर से गेंदबाजी में सिर्फ लॉरेन फाइलर ही एकमात्र सफलता हासिल कर पाई।