EN-W vs IN-W One-off Test, Sophie Ecclestone Record: लॉर्ड्स में खेले जा रहे ऐतिहासिक महिला टेस्ट मैच में इंग्लैंड की स्टार स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। भारत की पहली पारी में एक विकेट झटकते ही उन्होंने अपनी टीम कप्तान नैट साइवर-ब्रंट का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Advertisement

इंग्लैंड और भारत के बीच शुक्रवार (10 जुलाई) से लॉर्ड्स में खेले जा रहे ऐतिहासिक एकमात्र महिला टेस्ट मैच के पहले दिन स्टार स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने इतिहास रच दिया। उन्होंने अपनी ही टीम कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर नैट साइवर-ब्रंट को पीछे छोड़ते हुए इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

यह 27 वर्षीय बाएं हाथ की स्पिनर इस मुकाबले से पहले नैट साइवर-ब्रंट के 335 विकेटों के रिकॉर्ड की बराबरी पर थीं। उन्हें इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी और उन्होंने यह उपलब्धि भारत की पहली पारी के 72वें ओवर में हासिल की।

एक्लेस्टोन ने सायली सतघरे को एलबीडब्ल्यू आउट कर अपना 336वां अंतरराष्ट्रीय विकेट लिया और इंग्लैंड की नई 'विकेट क्वीन' बन गईं। इसके बाद उन्होंने दीप्ति शर्मा (57 रन) और क्रांति गौड़ (1) के विकेट भी अपने नाम किए और भारत की पहली पारी में 21.5 ओवर में 68 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

इतना ही नहीं, इस शानदार प्रदर्शन के साथ एक्लेस्टोन ने सिर्फ नैट साइवर-ब्रंट को ही नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी को भी पीछे छोड़ दिया। अब वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में टॉप-3 में भी पहुंच गई हैं।

महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट

  1. दीप्ति शर्मा (भारत) – 357 विकेट
  2. झूलन गोस्वामी (भारत) – 355 विकेट
  3. सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड) – 337 विकेट
  4. एलिस पेरी (ऑस्ट्रेलिया) – 336 विकेट
  5. नैट साइवर-ब्रंट (इंग्लैंड) – 335 विकेट

अगर एक्लेस्टोन के करियर आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 10 टेस्ट मैचों में 43 विकेट, 84 वनडे मुकाबलों में 141 विकेट और 114 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 154 विकेट हासिल किए हैं। 

Also Read: LIVE Cricket Score

मैच की बात करें तो भारतीय महिला टीम पहली पारी में 285 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए स्मृति मंधाना ने 108 गेंदों में 83 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 58 और दीप्ति शर्मा ने 57 रन का अहम योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में सोफी एक्लेस्टोन (3 विकेट) के अलावा लॉरेन फाइलर, इज़ी वोंग और मैडी विलियर्स ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि लॉरेन बेल को 1 सफलता मिली।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार