राजस्थान रॉयल्स के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे एलिमिनेटर मुकाबले में तूफानी बल्लेबाजी से हर किसी के होश उड़ा दिए। 15 साल के सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में 334.48 की स्ट्राईक रेट से 97 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 12 छक्के जड़े।
हालांकि, सूर्यवंशी के शतक से चूकने के बाद पूरा स्टेडियम शांत हो गया और SRH की मालकिन काव्या मारन भी निराश मुद्रा में चुपचाप सूर्यवंशी के लिए तालियां बजाती नजर आई। उनका ये रिएक्शन ये बताने के लिए काफी था कि सूर्यवंशी ने अपनी पारी से हैदराबाद को मैच में कितना पीछे कर दिया। उनका रिएक्शन आप नीचे देख सकते हैं।
वहीं, अपनी इस पारी के साथ सूर्यवंशी ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में सूर्यवंशी टॉप पर पहुंच गए हैं। उनके अब 15 पारियों में 65 छक्के हो गए हैं और इस लिस्ट में उन्होंने क्रिस गेल को पीछे छोड़ा। गेल ने आईपीएल 2012 में 59 छक्के जड़े थे। इतना ही नहीं, 16 गेंदों में अर्धशतकर पूरा कर सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में प्लेऑफ में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़िय़ों की लिस्ट में टॉप पर आ गए हैं। उन्होंने सुरेश रैना की बराबरी की, जिन्होंने 2014 में पंजाब के खिलाफ वानखेड़े में 16 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके साथ ही सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने एक सीजन में 200 या उससे ज्यादा की स्ट्राईक रेट से 600 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। साथ ही उन्होंने आईपीएल में सबसे कम उम्र में 600 रन बनाने का कारनामा किया है।