AUS vs BAN Test: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार (13 अगस्त) से डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। मुकाबले के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के दौरान स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (Steve Smith) को एक फैन की तीखी टिप्पणी का सामना करना पड़ गया।
दरअसल, बल्लेबाजी के दौरान स्मिथ को साइट स्क्रीन के पास किसी व्यक्ति के चलने से परेशानी हुई। उन्होंने तुरंत खेल रोक दिया और अंपायर की तरफ इशारा करते हुए साइट स्क्रीन के पीछे मौजूद व्यक्ति को वहां से हटाने के लिए कहा। स्मिथ के इस तरह खेल रुकवाने पर स्टैंड में मौजूद एक फैन ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर कर दी। फैन ने स्मिथ से खेल जारी रखने को कहा और उन्हें ‘प्रिंसेस’ तक कह दिया।
फैन की आवाज स्टेडियम में साफ सुनाई दी। उसने स्मिथ को कहा कि प्रिंसेस बनना बंद करो, तुम खेल से बड़े नहीं हो और तुम्हें इस तरह की परेशानी को संभालना चाहिए।
VIDEO:
हालांकि, इस पूरे मामले के बीच स्टीव स्मिथ ने अपना ध्यान बल्लेबाजी पर बनाए रखा और ऑस्ट्रेलिया की ओर से अहम पारी खेली। उन्होंने 109 गेंदों में 71 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।
मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत पहले टेस्ट के पहले दिन बेहद खराब रही। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे स्मिथ ने एक छोर से पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। आखिरकार ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 53 ओवर में सिर्फ 198 रन पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए स्मिथ 71 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके अलावा जेक वेदराल्ड ने 23 और ट्रेविस हेड ने 22 रन बनाए।
बांग्लादेश के लिए इस पारी में गेंदबाज़ी में हसन महमूद ने 6 विकेट चटकाए। वहीं तस्कीन अहमद और इबादत हुसैन ने 2-2 विकेट अपने नाम किया।
टीमें
बांग्लादेश (प्लेइंग XI): शादमान इस्लाम, तंज़िद हसन तमीम, मोमिनुल हक, नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), लिटन दास (विकेटकीपर), मुशफिकुर रहीम, मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, इबादोत हुसैन।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऑस्ट्रेलिया (प्लेइंग XI): जेक वेदारल्ड, ट्रेविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, कैमरून ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), ब्यू वेबस्टर, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेज़लवुड।