26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर टीम इंडिया के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी है। सचिन ने कहा कि इस दिन हम उन आम लोगों को याद करते हैं, जिन्होंने असाधारण काम किए।

सचिन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "26/11 एक ऐसा दिन है, जब हम उन लोगों को याद करते हैं, जिन्हें हमने खो दिया और साथ ही उन कई आम लोगों को भी याद करते हैं, जिन्होंने असाधारण काम किए। कुछ लोगों ने अनजान लोगों की मदद की, कुछ ने अपने दरवाजे खोल दिए और कुछ लोग वहीं रुके रहे और मदद की, जबकि वे चाहते तो वहां से जा सकते थे। आज हम इन गुमनाम नायकों को याद कर रहे हैं।"

आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ने भी ताज होटल की एक तस्वीर शेयर करते हुए 26/11 हमले में जान गंवाने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुंबई इंडियंस ने तस्वीर शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "उनके साहस और बलिदान का सम्मान। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।"

गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुए इस आतंकी हमलों ने पूरे देश को झकझोर डाला था। इस हमले में 166 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी, जबकि 500 से अधिक लोग घायल हो गए थे। आतंकियों ने मुंबई में कई स्थानों को निशाना बनाया था, जिसमें दो पांच सितारा होटल, अस्पताल, रेलवे स्टेशन और यहूदी केंद्र शामिल थे।

आतंकियों ने मुंबई के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन माने जाने वाले छत्रपति शिवाजी टर्मिनस पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं। ओबेरॉय होटल में भी आतंकियों ने कई लोगों को बंधक बनाया था। हालांकि, एनएसजी के जवानों ने हमलावरों को मार गिराया था। इस हमले की चपेट में सबसे ज्यादा मुंबई का ताज होटल आया था। इस होटल में तकरीबन 31 लोग मारे गए थे।

इस हमले में 10 आतंकी शामिल थे और करीब 60 घंटों तक चले ऑपरेशन के बाद 9 हमलावरों को मार गिराया गया था। वहीं, अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया था, जिसे 21 नवंबर 2012 को फांसी पर चढ़ा दिया गया था।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार