IPL 2026 Qualifier-2, Gujarat Titans vs Rajasthan Royals: आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-2 मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 96 रन ठोक डाले। रविंद्र जडेजा ने दूसरे छोर से पारी संभाली, जबकि डोनोवन फरेरा ने आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ रन बनाए।
आईपीएल 2026 का क्वालीफायर-2 मुकाबला शुक्रवार (29 मई) को मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जा रहा है। इस अहम मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
हालांकि राजस्थान की शुरुआत बिल्कुल अच्छी नहीं रही। टीम ने सिर्फ दो ओवर के अंदर यशस्वी जायसवाल (1) और ध्रुव जुरेल (7) के रूप में दो बड़े विकेट गंवा दिए। लेकिन 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर जिम्मेदारी संभाली और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए रन गति को धीमा नहीं होने दिया। वैभव ने रविंद्र जडेजा के साथ तीसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 73 रन की अहम साझेदारी कर राजस्थान की पारी को संभाला।
वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में 7 चौके और 8 छक्कों की मदद से 47 गेंदों में 96 रन की विस्फोटक पारी खेली । वहीं रविंद्र जडेजा ने दूसरे छोर पर टिके रहते हुए 35 गेंदों में नाबाद 45 रन की अहम पारी खेली।
आखिरी ओवरों में डोनोवन फरेरा ने भी तेजी से रन बटोरे और सिर्फ 11 गेंदों में नाबाद 38 रन ठोक दिए। इन शानदार पारियों की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 214 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
गुजरात टाइटंस के लिए गेंदबाजी में जेसन होल्डर और कगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को भी 1-1 सफलता मिली।
टीमें इस मैच के लिए
गुजरात टाइटंस (प्लेइंग XI): साईं सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: राहुल तेवतिया, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, कुमार कुशाग्र, अरशद खान।
Also Read: LIVE Cricket Score
राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग XI): यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, यश पुंजा, बृजेश शर्मा।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: शुभम दुबे, सुशांत मिश्रा, अमन राव पेराला, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे।