राइली रुसो (109) के शानदार शतक और एनरिक नॉर्खिया (10 रन पर चार विकेट) तथा तबरेज शम्सी ( 20 रन पर तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी से साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप दो के सुपर 12 मुकाबले में गुरूवार को 104 रन से एकतरफा अंदाज में हरा दिया।

Advertisement

प्लेयर ऑफ द मैच राइली रुसो की मात्र 50 गेंदों पर सात चौकों और आठ छक्कों से सजी 109 रन की जबरदस्त पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 205 रन का मजबूत स्कोर बनाया। साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने फिर बांग्लादेश को 16.3 ओवर में 101 रन पर ढेर कर बड़ी जीत हासिल की।

इसी के साथ साउथ अफ्रीका ने इस टी20 वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत दर्ज की। अपने दूसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश के ऊपर अपने टी20 इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी जीत प्राप्त कर ली। यह बड़ी जीत साउथ अफ्रीका के लिए रन रेट के हिसाब से टूर्नामेंट में आगे बेहद उपयोगी साबित होगी।

इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के लिए सकारात्मक पहलू क्विंटन डिकॉक (63)और रुसो की शानदार बल्लेबाजी रही। हालांकि कप्तान तेम्बा बवूमा (2) की खराब फॉर्म अब भी साउथ अफ्रीका के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। लेकिन गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश को चारों खाने चित कर दिया। साउथ अफ्रीका ने कुल पांच गेंदबाजों का उपयोग किया और सिर्फ़ पार्नेल को ही विकेट हासिल नहीं हुआ।

Advertisement

टी20 वल्र्ड कप में साउथ अफ्रीका के लिए पहला शतक जड़ने वाले राइली रुसो को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया है। राइली रुसो ने जीत के बाद कहा, "मैं जीत में शतक के साथ योगदान देने से काफी खुश हूं। मैं सिर्फ़ गेंद को उसकी मेरिट खेलने पर प्रयास कर रहा था। मैंने पिछले पांच-छह सालों में अपनी बैटिंग पर बहुत मेहनत की है। डिकॉक के साथ बल्लेबाजी करने में काफी आनंद आया। वह स्क्वायर ऑफ द विकेट खेल रहे थे और मैं सामने की तरफ प्रहार कर रहा था।''
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार