भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में बड़ा बदलाव कर दिया है। फील्डिंग कोच टी. दिलीप (T Dilip) का कॉन्ट्रैक्ट अब आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। इंग्लैंड दौरे के साथ उनका कार्यकाल खत्म हो गया था और रिपोर्ट्स के मुताबिक अब बोर्ड उनकी जगह सुभदीप घोष को नया फील्डिंग कोच नियुक्त कर सकता है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत के दौरान बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि बोर्ड ने हाल के महीनों में टीम इंडिया की फील्डिंग का प्रदर्शन रिव्यू किया था। लगातार खराब फील्डिंग को देखते हुए बोर्ड ने टी. दिलीप के साथ आगे नहीं बढ़ने का फैसला लिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सुभदीप घोष अब श्रीलंका दौरे से ये जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। भारत को अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा होगी और यही उनकी बतौर फील्डिंग कोच पहली सीरीज हो सकती है।
टी. दिलीप के अलावा असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट का भी भारतीय टीम के साथ सफर खत्म हो गया है। उनका कॉन्ट्रैक्ट भी इंग्लैंड दौरे के बाद समाप्त हो गया था। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई ने उन्हें नया कॉन्ट्रैक्ट देने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया और अब वह आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ जुड़ गए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत का हालिया प्रदर्शन फील्डिंग के लिहाज से काफी निराशाजनक रहा है। आयरलैंड, इंग्लैंड और फिर जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में खिलाड़ियों ने कई आसान कैच छोड़े और फील्डिंग में लगातार गलतियां कीं। माना जा रहा है कि इन्हीं कमजोरियों को दूर करने के लिए बीसीसीआई ने यह बड़ा बदलाव किया है।
सुभदीप घोष की बात करें तो वह घरेलू क्रिकेट में असम और रेलवे की ओर से खेल चुके हैं। उन्होंने 1990 के दशक और 2000 की शुरुआत में कुल 17 फर्स्ट क्लास और 17 लिस्ट-ए मुकाबले खेले। दाएं हाथ के बल्लेबाज रहे घोष ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 316 रन, जबकि लिस्ट-ए क्रिकेट में 307 रन बनाए।
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कोचिंग को अपना करियर बनाया और फील्डिंग स्पेशलिस्ट के तौर पर अपनी पहचान बनाई। कोचिंग करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप रही, जहां वह भारतीय अंडर-19 पुरुष टीम के फील्डिंग कोच थे। उनकी देखरेख में युवा खिलाड़ियों की फील्डिंग में काफी सुधार देखने को मिला और टीम ने खिताब भी अपने नाम किया।
इसके अलावा सुभदीप घोष भारतीय महिला क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच भी रह चुके हैं। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स के साथ भी फील्डिंग स्पेशलिस्ट के रूप में काम किया है।