टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के बीच एक मजेदार बातचीत ने सबका ध्यान खींच लिया। दोनों खिलाड़ियों ने फाइनल में शानदार पारियां खेलीं और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसी दौरान ईशान ने अभिषेक की फॉर्म को लेकर एक मजेदार कमेंट किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और खुशी साफ नजर आ रही थी। मैच के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी कुछ ऐसा ही माहौल देखने को मिला, जब भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक ने माहौल को मजेदार बना दिया।
फाइनल मुकाबले में दोनों बल्लेबाजों ने शानदार पारियां खेलीं। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 21 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। गौरतलब है कि फाइनल से पहले अभिषेक शर्मा की फॉर्म को लेकर काफी चर्चा हो रही थी क्योंकि टूर्नामेंट में वह लगातार तीन बार शून्य पर आउट हुए थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब दोनों से मुश्किल दौर से बाहर निकलने के बारे में सवाल पूछा गया तो अभिषेक जवाब देने के लिए आगे बढ़े और कहा इस सवाल का जवाब में ज्यादा अच्छे से दूंगा। तभी ईशान किशन ने मजाकिया अंदाज में उन्हें टोकते हुए कहा, “मैं भी इसका जवाब दे सकता हूं।”
इसके बाद ईशान ने हंसते हुए कहा, “तेरा एक महीना फॉर्म गया था, मैं दो साल बाहर रहा हूं।” ईशान की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग हंस पड़े। इस पर अभिषेक शर्मा ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि उनका वह एक महीना उन्हें डेढ़ साल जैसा महसूस हो रहा था।
VIDEO:
दरअसल, ईशान किशन पिछले दो साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। उन्होंने लगातार घरेलू क्रिकेट में मेहनत की और इस साल झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताने के बाद एक बार फिर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्हें टीम इंडिया में वापसी का मौका मिला और फिर उन्हें टी20 वर्ल्ड कप के लिए भी चुना गया। ।
Also Read: LIVE Cricket Score
ईशान ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 पारियों में 193.29 के स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करते हुए 317 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक भी शामिल रहे।