India England T20 Series: इंग्लैंड और भारत के बीच 1 जुलाई से पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। दोनों टीमों के बीच टी20 मुकाबलों में कई यादगार पारियां देखने को मिली हैं और इस प्रतिद्वंद्विता में कुछ बल्लेबाजों ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। दिलचस्प बात यह है कि इस खास लिस्ट में टॉप-5 में से चार खिलाड़ी भारतीय हैं। आइए इस खास आर्टिक के जरिए जानते हैं कि भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कौन हैं।
इंग्लैंड और भारत के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 1 जुलाई 2026 को चेस्टर-ली-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 4, 7, 9 और 11 जुलाई को बाकी मुकाबलों में आमने-सामने होंगी। हालांकि इस सीरीज में कई नए चेहरे नजर आएंगे, लेकिन भारत-इंग्लैंड टी20 प्रतिद्वंद्विता के रिकॉर्ड्स पर अब भी दिग्गज खिलाड़ियों का दबदबा कायम है।
5. सूर्यकुमार यादव (360 रन)
भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं। सूर्यकुमार ने इंग्लैंड के खिलाफ 14 टी20 मैचों में 27.69 की औसत और 172.24 के शानदार स्ट्राइक रेट से 360 रन बनाए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उनका सबसे यादगार प्रदर्शन साल 2022 में नॉटिंघम में आया था, जब उन्होंने सिर्फ 55 गेंदों पर 117 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। हालांकि हालिया खराब फॉर्म के कारण वह आगामी सीरीज का हिस्सा नहीं हैं।
4. हार्दिक पांड्या (441 रन)
भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने भी इंग्लैंड के खिलाफ कई शानदार पारियां खेली हैं। हार्दिक ने 21 टी20 मैचों में 29.40 की औसत और 151.54 के स्ट्राइक रेट से 441 रन बनाए हैं। मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए हार्दिक ने कई बार मुश्किल परिस्थितियों में टीम इंडिया को संभाला है। उनका सर्वोच्च स्कोर 63 रन है। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने कई मौकों पर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ा। हालांकि क्वाड्रिसेप्स चोट से उबरने के कारण वह 2026 की टी20 सीरीज में नहीं खेलेंगे।
3. रोहित शर्मा (467 रन)
पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ 16 टी20 मैचों में 35.92 की औसत और 139.82 के स्ट्राइक रेट से 467 रन बनाए हैं। रोहित अपनी शानदार टाइमिंग और बड़े शॉट लगाने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कई मौकों पर इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
2. विराट कोहली (648 रन)
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की बात हो और विराट कोहली का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। विराट ने इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 21 टी20 मैचों में 38.11 की औसत से 648 रन बनाए हैं। कोहली का स्ट्राइक रेट 135.00 का रहा है और उन्होंने कई बार दबाव की परिस्थितियों में टीम इंडिया को जीत दिलाई है।
Also Read: LIVE Cricket Score
1. जोस बटलर (669 रन)
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर के नाम दर्ज है। बटलर ने 27 टी20 मैचों में 31.85 की औसत और 143.87 के स्ट्राइक रेट से 669 रन बनाए हैं। वह इस प्रतिद्वंद्विता में 600 रन का आंकड़ा पार करने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर बटलर ने कई बार भारतीय गेंदबाजों के सामने बड़ी चुनौती पेश की है।