बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दूसरे वनडे में तौहीद हृदोय ने बेहद ही खूबरसूरत कैच लपका। उन्होंने डीप में साहिबजादा फरहान के मिस टाइम शॉट पर नजरें गड़ाएं रखीं और एक क्लिन कैच लेकर उनकी पारी का अंत कर बांग्लादेश को अहम सफलता दिलाई।
शुक्रवार (13 मार्च) को ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दूसरे वनडे मुकाबले में फील्डिंग का एक शानदार नजारा देखने को मिला। बांग्लादेश के युवा खिलाड़ी तौहीद हृदोय ने शानदार कैच पकड़ा और लोकल टीम को स्पोर्ट कर रहे सभी फैंस को खूश कर दिया।
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 18वें ओवर में देखने को मिली। उस समय साहिबजादा फरहान क्रीज पर सेट नजर आ रहे थे और अपनी पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे। ये ओवर डाल रहे तस्कीन अहमद की चौथी गेंद पर उन्होंने बड़ा शॉट खेलने का फैसला किया।
तस्कीन ने ऑफ स्टंप के आसपास फुल लेंथ गेंद डाली, जिस पर फरहान ने लेग साइड की तरफ जोरदार शॉट खेलने की कोशिश की। लेकिन गेंद बल्ले के बाहरी किनारे से लगकर हवा में काफी ऊंची चली गई और डीप थर्ड के इलाके की ओर जाने लगी।
गेंद को हवा में जाते देख तौहीद हृदोय ने तेजी से लंबी दौड़ लगाई और अपनी नजर गेंद पर टिकाए रखी। सही समय पर उन्होंने गेंद को हवा में ही लपक लिया और संतुलन बनाए रखते हुए शानदार कैच पूरा कर लिया। इस कैच के बाद तस्कीन का रिएक्शन भी देखने लायक था, जो खुशी से झूमते नजर आए। वहीं साहिबजादा फरहान की पारी 31 रन पर समाप्त हो गई और पाकिस्तान को 121 रन के स्कोर पर दूसरा झटका लगा।
अगर मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.3 ओवर में 274 रन बनाए। टीम के लिए माज सदाकत ने 46 गेंदों में 75 रन की शानदार पारी खेली, जबकि सलमान अली आगा ने 62 गेंदों में 64 रन बनाए। इसके अलावा साहिबजादा फरहान ने 31 और मोहम्मद रिजवान ने 44 रन का योगदान दिया। हालांकि निचले क्रम के बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं पाए, जिसके चलते पाकिस्तान की पूरी टीम 274 रन पर सिमट गई।