ML vs TRT, The Hundred Men's 2026: द हंड्रेड मेंस 2026 के इस मुकाबले में ट्रेंट रॉकेट्स ने एमआई लंदन को 6 विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई लंदन ने 147 रन का फाइटिंग स्कोर खड़ा किया था। जवाब में ट्रेंट रॉकेट्स के लिए मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner​​​​​​​) और टिम डेविड (Tim David) ने मैच विनिंग साझेदारी कर टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

Advertisement

द हंड्रेड मेंस 2026 के लीग स्टेज का 25वां मुकाबला शनिवार (8 अगस्त) को एमआई लंदन और ट्रेंट रॉकेट्स के बीच लंदन के केनिंग्टन ओवल स्टेडियम में खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई लंदन ने निर्धारित 100 गेंदों में 7 विकेट खोकर 147 रन का लक्ष्य खड़ा किया।

एमआई लंदन के लिए पहले सलामी बल्लेबाज विल जैक्स ने 26 गेंदों में 39 रन की पारी खेली। इसके बाद कप्तान सैम करन ने मोर्चा संभाला और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 72 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। निचले क्रम में सिकंदर रजा ने भी 11 गेंदों में 16 रन का योगदान दिया। 

ट्रेंट रॉकेट्स के लिए गेंदबाजी में लुईस ग्रेगरी ने 2 विकेट चटकाए, जबकि मैट हेनरी, क्रेग ओवरटन और केल्विन हैरिसन को 1-1 सफलता मिली।

148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रेंट रॉकेट्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। फिन एलन सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए, जबकि एन्यूरिन डोनाल्ड 10 गेंदों में 23 रन बनाने के बाद रन आउट हो गए। कप्तान सैम बिलिंग्स भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।

हालांकि दूसरे सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने जरुर इस बीच एक छोर संभालकर 26 गेंदों में 27 रन बनाए। यहां से मिचेल सैंटनर और टिम डेविड ने पूरा मैच पलट दिया। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 41 गेंदों में नाबाद 78 रन की शानदार साझेदारी की। मिचेल सैंटनर ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में नाबाद 52 रन ठोके, जबकि टिम डेविड ने 24 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए।

एमआई लंदन के लिए रिचर्ड ग्लीसन ने 2 विकेट लिए, जबकि टॉम करन को 1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

सैंटनर और डेविड की शानदार साझेदारी के दम पर ट्रेंट रॉकेट्स ने 90 गेंदों में ही 148 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह टीम ने 10 गेंद शेष रहते 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार