टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज में खेले गए भारत और साउथ अफ्रीका के मैच के दौरान एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने क्रिकेट फैंस को भी हैरान कर दिया। दरअसल, साउथ अफ्रीका के युवा क्रिकेटर ट्रिस्टन स्टब्स रविवार को मैच के दौरान अपना आपा खोते हुए देखा गया। ये घटना कैमरे में तब कैद हुई जब हार्दिक पांड्या का कैच लेते हुए स्पाइडरकैम ने स्टब्स को थोड़ा परेशान किया और बाद में स्टब्स नाराज़गी में स्पाइडरकैम को गाली देते हुए नजर आए।
ये घटना तब हुई जब हार्दिक पांड्या ने 15वें ओवर में एक ऊंचा शॉट खेला और ट्रिस्टन स्टब्स बाउंड्री लाइन पर खड़े कैच का इंतज़ार कर रहे थे। उनके कैच पकड़ने से पहले कैमरा गेंद और उनकी नज़र के बीच आ गया। हालांकि, इसके बावजूद वो कैच पकड़ने में सफल रहे लेकिन कैच पकड़ने के बाद उनकी निराशा देखने लायक थी। वो स्पाइडरकैम को जमकर गालियां देते दिखे। इस घटना का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
वहीं, साउथ अफ्रीका के हाथों मिली हार से भारतीय खेमे में हड़कंप मच चुका है। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा के लगातार फेल होने पर भी सवाल उठ रहे हैं और यही कारण है कि अब इस हार के बाद टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने अगले मैच के लिए संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में वापस लाने का संकेत दिया है।
Also Read: LIVE Cricket Score
साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद टेन डोशेट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हां, बिल्कुल हमारे पास ऑप्शन हैं। अब तक हमने जो पांच मैच खेले हैं, उनमें से चार टीमों ने पार्ट-टाइम ऑफ-स्पिन से शुरुआत की है और हर बार एक विकेट मिला है। अभिषेक शर्मा यूएसए के खिलाफ मैच में नहीं खेले थे लेकिन उस मैच में भी बैटिंग लड़खड़ाई थी।इसलिए हर पारी में शून्य पर एक विकेट गंवाना खिलाड़ियों पर दबाव डाल रहा है।”