टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 20वें मुकाबले में यूएई ने कनाडा को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ ही यूएई की टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। पहले बल्लेबाजी करते हुए कनाडा ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए थे जिसके जवाब में यूएई की टीम ने 5 विकेट खोकर 151 रन बनाकर बाज़ी मार ली।
दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन यूएई के गेंदबाजों ने उनके इस फैसले को गलत साबित करते हुए उन्हें पावरप्ले में ही तीन झटके दे डाले। इसके बाद नवनीत धालीवाल (34) और हर्ष ठक्कर (50) ने शानदार पारियां खेलकर अपनी टीम को 150 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। यूएई के लिए जुनैद सिद्दीकी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 5 विकेट चटकाए।
151 रनों का पीछा करते हुए यूएई की शुरुआत भी काफी खराब रही और उन्होंने मुहम्मद वसीम का विकेट सिर्फ 12 रन के स्कोर पर गंवा दिया। यूएई के टॉप-5 में से चार बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाए और एक समय ऐसा लग रहा था कि कनाडा की टीम आसानी से ये मैच जीत जाएगी लेकिन यूएई के ओपनर आर्यांश शर्मा (74) और सोहेब खान (51) के इरादे कुछ और ही थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जोड़ी ने कनाडा की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए तूफानी तरीके से रन बनाए और अर्द्धशतकीय साझेदारी करके यूएई को 5 विकेट से आसानी से मैच जितवा दिया। इस हार के साथ ही यूएई की सुपर-8 में जाने की राह अभी भी खुली हुई है जबकि कनाडा ने इस हार के साथ अपनी उम्मीदों को खत्म कर दिया है। इस समय यूएई की टीम दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ ग्रुप डी में 2 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। उनसे आगे न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका की टीमें 4-4 अंकों के साथ नंबर वन और नंबर दो पर बनी हुई हैं और ये दोनों टीमें अपने ग्रुप से सुपर 8 में पहुंचने की मजबूत दावेदार भी हैं।