India vs England 2nd T20I: भारत के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने शनिवार (4 जुलाई) को इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में दूसरे टी-20 इंटरनेशनल में डेब्यू करते हुए 10 गेंदों में 14 रन की पारी खेली, जिसमें दो छक्के जड़े।
विल जैक्स द्वारा डाले गए पारी के पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर सूर्यवंशी विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों से स्टंप आउट होकर पवेलियन लौटे। इसके साथ ही उन्होंने एक खराब रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। सूर्यवंशी पहले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं, जो टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू पर स्टंप आउट हुए हैं।
भारत के लिए टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू पर सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में सूर्यवंशी संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर आ गए हैं। उनसे पहले आशीष नेहरा ने इस फॉर्मेट में डेब्यू पर दो छक्के जड़े थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके अलावा सूर्यवंशी ने भारत के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने 15 साल में 99 दिन की उम्र में यह मुकाम हासिल किया औऱ इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा। तेंदुलकर ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था।
गौरतलब है कि इस मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत कोको 4 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। बता दें कि सीरीज का पहला मुकाबला बारिश के कारण बेनतीजा रहा था।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए। जिसमें ईशान किशन ने 40 गेंदों में 49 रन, अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में 43 रन औऱ कप्तान श्रेयस अय्यर ने 22 गेंदों 37 रन बनाए।
जवाब में इंग्लैंड ने 19 ओवर में 6 विकेट गवाकर जीत हासिल कर ली। जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान हैरी ब्रूक ने 15 गेंदों में 39 रन और टॉम बैंटन ने 32 गेंदों में 39 रन का योगदान दिया।