Zimbabwe vs India 1st T20I: भारत ने पहले टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। पहले गेंदबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे को 125 रन पर रोक दिया। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारत ने सिर्फ 13.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। यह लगातार छह हार के बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की पहली जीत भी रही।

Advertisement

जिम्बाब्वे और भारत के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार (23 जुलाई) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उसके गेंदबाजों ने शुरुआत से ही मेजबान टीम पर दबाव बना दिया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 7.2 ओवर के भीतर ही 32 रन के स्कोर पर अपने 4 अहम विकेट गंवा दिए। ब्रायन बेनेट गोल्डन डक का शिकार हुए, जबकि बेन करन 10 और कप्तान सिकंदर रज़ा सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

हालांकि इसके बाद कुछ रन जोड़ते हुए वेस्ली मधेवेरे ने 34 गेंदों में 39 रन की टीम के लिए सबसे बड़ी पारी खेली। वहीं तादिवानाशे मारुमानी ने 20 गेंदों में नाबाद 27 रन और रयान बर्ल ने 35 गेंदों में 26 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 125 रन बना सकी।

भारत की ओर से गेंदबाजी में मयंक यादव और प्रिंस यादव ने 2-2 विकेट झटके। वहीं शिवम दुबे और रवि बिश्नोई को 1-1 सफलता मिली।

126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा (1 रन) के रूप में शुरुआती झटका जरूर लगा। लेकिन दूसरे छोर से 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया।

वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 19 गेंदों में 50 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा ईशान किशन ने 24 गेंदों में 35 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों में नाबाद 28 रन की संयमित पारी खेली।

इस तरह भारतीय टीम ने सिर्फ 13.2 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर लिया और 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही भारत ने पहले आयरलैंड के खिलाफ 2-0 और फिर इंग्लैंड के खिलाफ 4-0 की हार के बाद लगातार छह मैचों से चला आ रहा हार का सिलसिला भी खत्म कर दिया।

Also Read: LIVE Cricket Score

जिम्बाब्वे की ओर से गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुज़ारबानी ने 2 विकेट और रिचर्ड नगारवा 1 विकेट लेने में सफल रहे।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार