IPL 2026 Eliminator, Sunrisers Hyderabad vs Rajasthan Royals: न्यू चंडीगढ़ में बुधवार (27 मई) को खेले गए आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालीफायर-2 में जगह बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी की चलते 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में SRH की टीम 196 रन पर सिमट गई।
आईपीएल 2026 के इस अहम मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई।
वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए 49 गेंदों में 125 रन की बड़ी साझेदारी भी की।
यशस्वी जायसवाल ने 29 गेंदों में 29 रन का योगदान दिया। मध्य ओवरों में ध्रुव जुरेल ने भी तेज बल्लेबाजी जारी रखी और सिर्फ 21 गेंदों में 50 रन की तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। कप्तान रियान पराग ने भी 12 गेंदों में 26 रन जोड़कर उपयोगी पारी खेली। इन विस्फोटक पारियों की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए गेंदबाजी में प्रफुल्ल हिंगे ने 3 विकेट हासिल किए। वहीं शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा और नितीश कुमार रेड्डी को 1-1 सफलता मिली।
244 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत भी तेज रही, लेकिन टीम ने पावरप्ले के अंदर ही चार बड़े विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि ईशान किशन ने 11 गेंदों में 33 रन बनाए। इसके बाद स्मरण रविचंद्रन सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ट्रेविस हेड ने 8 गेंदों में 17 रन बनाए, लेकिन वह भी ज्यादा देर नहीं टिक सके।
मध्य ओवरों में नितीश कुमार रेड्डी ने 30 गेंदों में 38 रन बनाए, जबकि सलिस अरोड़ा ने 21 गेंदों में 35 रन की पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया।
हालांकि राजस्थान के गेंदबाज लगातार विकेट निकालते रहे और SRH की पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई। इस तरह राजस्थान रॉयल्स ने 47 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने क्वालीफायर-2 में जगह बना ली है, जहां अब उसका मुकाबला शुक्रवार (29 मई) को गुजरात टाइटंस से होगा। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद का आईपीएल 2026 में सफर यहीं समाप्त हो गया
Also Read: LIVE Cricket Score
राजस्थान रॉयल्स के लिए गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं रविंद्र जडेजा, नंद्रे बर्गर और सुशांत मिश्रा ने 2-2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा यश पुंजा को भी 1 सफलता मिली।