RCB vs SRH IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) ने शनिवार (28 मार्च) को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले मुकाबले में शानदार पारी से इतिहास रच दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी के लिए कोहली ने 234.62 की स्ट्राईक रेट से 38 गेंदों में नाबाद 69 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के जड़े। आईपीएल में कोहली का यह 72वां पचास प्लस स्कोर है औऱ इसके साथ ही कई कीर्तिमान बना दिए।
ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी
कोहली ने आईपीएल इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए 4000 रन पूरे कर लिए हैं और ऐसा करने वाले वह पहले खिलाड़ी बन गए हैं। अपनी पारी में 42वां रन बनाते ही उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर डेविड वॉर्नर हैं, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में लक्ष्य का पीछा करते हुए 3285 रन बनाए हैं।
शोएब मलिक को छोड़ा पीछे
इस पारी के दौरान कोहली 29वां रन बनाते ही टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शोएब मलिक को पछाड़कर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं।
मलिक ने 557 मैच की 515 पारियों में 13571 रन बनाए हैं। वहीं कोहली के अब 415 मैच की 398 पारियों में 13612 रन हो गए हैं।
वॉर्नर औऱ डी वीलियर्स को पछाड़ा
लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत में सबसे ज्यादा पचास प्लस स्कोर बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में विराट कोहली टॉप पर पहुंच गए हैं। कोहली का यह 21वां पचास प्ल्स स्कोर है औऱ उन्होंने डेविड वॉर्नर (20) को पीछे छोड़ा।
इसके अलावा कोहली आईपीएल में सबसे ज्यादा बार पचास या उससे ज्यादा की पारी खेलते हुए नाबाद पवेलियन लौटे हैं। 24वीं बार यह कारनामा कर के वह एबी डी विलियर्स से आगे निकले।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि इस मुकाबले में आरसीबी ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद हैदराबाद ने 9 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 15.4 ओवर में 4 विकेट गवाकर जीत हासिल की।