पाकिस्तान ने अपने फैसले पर यू-टर्न लेते हुए भारत के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को होने वाले मैच में खेलने के लिए हामी भर दी है। पाकिस्तान के इस फैसले के बाद भारत में कुछ लोग खुश हैं तो कुछ लोग आक्रोश भी प्रकट कर रहे हैं और इसी कड़ी में विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने भी अपना रिएक्शन दिया है।
राजकुमार शर्मा ने भारत के खिलाफ खेलने के लिए यू-टर्न लेने के लिए पाकिस्तान की आलोचना की है। उन्होंने इसे पड़ोसी देश का ड्रामा बताया है। ANI से बात करते हुए, शर्मा ने कहा, "ये पाकिस्तान का ड्रामा था, जो वो हमेशा करते हैं। उन्होंने बांग्लादेश का सपोर्ट किया, फिर उन्हें किनारे कर दिया और अब उन्हें एहसास हो गया है कि अगर वो भारत के खिलाफ नहीं खेले तो उन्हें कितना नुकसान होगा। इसलिए, पाकिस्तान से इस तरह की चीज़ों की उम्मीद की जाती है।"
पाकिस्तान सरकार ने सोमवार (9 फरवरी) को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट करते हुए लिखा, “प्राप्त परिणामों तथा मित्र देशों के अनुरोध को देखते हुए’ हमने भारत के खिलाफ अपने मैच के लिए टीम को मैदान में उतरने की अनुमति दी है।"
Also Read: LIVE Cricket Score
टी-20 वर्ल्ड कप में वित्तीय फायदे के लिहाज से भारत-पाकिस्तान का मुकाबला सबसे अहम है। लेकिन भारत के खिलाफ मैच ना खेलने की पाकिस्तान की धमकी के बाद, पिछले कुछ दिनों में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC), पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच काफी चर्चा हुई। सोमवार शाम को पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा था कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान के मैच का फैसला अगले 24 से 48 घंटे के भीतर आएगा और इससे कुछ मिनट पहले ही आईसीसी ने भी बयान जारी किया था।