Virat Kohli Record: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) के 57वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) ने 19.1 ओवर में 193 रन बनाकर कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) को 6 विकेट से मात दी। गौरतलब है कि इस मुकाबले में विराट कोहली (Virat Kohli) ने 60 गेंदों पर 11 चौके और 3 छक्के ठोककर नाबाद 105 रनों की शतकीय पारी खेली। इसी के साथ अब उन्होंने कुछ खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।
रोहित शर्मा के रिकॉर्ड की कर ली बराबरी: विराट कोहली को अपनी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। ये IPL में उनका 21वां 'प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड' है, जिसे हासिल करके उन्होंने हिटमैन के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। वो बतौर भारतीय संयुक्त रूप से IPL में सर्वाधिक बार ये अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
IPL में सर्वाधिक POTM जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी
- विराट कोहली - 21
- रोहित शर्मा - 21
- महेंद्र सिंह धोनी - 18
- रविंद्र जडेजा - 17
- केएल राहुल - 17
इसके अलावा ये भी जान लीजिए कि विराट कोहली IPL में KKR के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने 1,126 रन बनाकर ये कारनामा किया है। उनके ऊपर इस लिस्ट में सिर्फ रोहित शर्मा हैं, जिनके नाम KKR के सामने 1,161 रन दर्ज हैं।
सबसे खास बात विराट ने टी20 फॉर्मेट में अपने 14,000 रन और 10 शतक पूरे किए हैं। विराट टी20 में 14,000 रन बनाने वाले भारत के पहले और दुनिया के छठे क्रिकेटर हैं। उन्होंने सबसे तेज (409 इनिंग) 14,000 रन बनाए हैं। वो टी-20 इतिहास में 10 शतक लगाने वाले भारत के पहले क्रिकेटर भी बने हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
RCB ने जीता मैच: IPL 2026 का 57वां मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था जहां RCB ने विराट कोहली की शतकीय पारी के दम पर 19.1 ओवर में 193 रनों का लक्ष्य हासिल करके KKR को 6 विकेट से मात दी। इसी के साथ अब वो पॉइंट्स टेबल पर सभी को पछाड़कर नंबर-1 की पॉजिशन पर पहुंच गए हैं। उनके नाम 12 मैचों में 8 जीत और 16 अंक दर्ज है।