India vs England 2nd ODI: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में विराट कोहली के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने के लिए उन्हें सिर्फ चार रनों की जरूरत है।
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार (16 जुलाई) को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा। पहले मैच में जीत हासिल करने के बाद टीम इंडिया की नजरें सीरीज पर कब्जा जमाने पर होंगी, वहीं स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के पास इस मुकाबले में इतिहास रचने का शानदार मौका है।
एजबेस्टन में मंगलवार (14 जुलाई) को खेले गए पहले वनडे में विराट कोहली बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे। वह सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हो गए थे। ऐसे में इस मुकाबले में वह जोरदार वापसी करना चाहेंगे विराट कोहली अगर दूसरे वनडे में सिर्फ चार रन बना लेते हैं, तो वह इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।
फिलहाल यह रिकॉर्ड भारत क पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के नाम है, जिन्होंने 1996 से 2011 के बीच इंग्लैंड में खेले 46 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 56 पारियों में 2645 रन बनाए थे। वहीं विराट कोहली के नाम इंग्लैंड में अब तक 58 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 74 पारियों में 2642 रन दर्ज हैं। यानी वह द्रविड़ से सिर्फ चार रन पीछे हैं।
इंग्लैंड में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
- राहुल द्रविड़ – 2645 रन
- विराट कोहली – 2642 रन
- सचिन तेंदुलकर – 2626 रन
- रोहित शर्मा – 2298 रन
- सौरव गांगुली – 1949 रन
रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड भी निशाने पर
विराट के पास सिर्फ द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका नहीं है, बल्कि वह इंग्लैंड में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन सकते हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है, जिन्होंने इंग्लैंड में 28 वनडे मैचों में 1439 रन बनाए हैं। विराट के खाते में 34 मैचों में 1354 रन हैं। ऐसे में अगर कोहली दूसरे वनडे में 86 रन बना लेते हैं, तो वह रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर इंग्लैंड में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन जाएंगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
विराट कोहली का इंग्लैंड में रिकॉर्ड हमेशा से शानदार रहा है। उन्होंने यहां टेस्ट क्रिकेट में 1096 रन, वनडे में 1354 रन और टी20 इंटरनेशनल में 192 रन बनाए हैं।