IND vs NZ 1st ODI: भारतीय क्रिकेट के स्टार विराट कोहली (Virat Kohli) मैदान पर अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ मजेदार अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में एक बार फिर उनका ऐसा ही अंदाज देखने को मिला।
बुधवार (4 नवंबर) को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए इस मैच में कोहली ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स के सामने WWE के मशहूर रेसलर जॉन सीना का आइकॉनिक 'You Can't See Me' इशारा किया। कोहली की इस हरकत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर उनके फैंस के बीच जमकर वायरल हो रहा है।
यह पूरा वाकया न्यूजीलैंड की पारी के 22वें ओवर के दौरान हुआ। इससे कुछ देर पहले ही मेजबान टीम ने टॉम लैथम का विकेट गंवाया था और ग्लेन फिलिप्स बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर पहुंचे थे। इसी दौरान स्टेडियम में जॉन सीना की मशहूर WWE एंट्री थीम बजने लगी।
इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल के बीच कुछ बातचीत चल रही थी। तभी विराट कोहली ने इस माहौल को और मजेदार बना दिया। वह फिलिप्स के पास से गुजरते हुए उनके सामने रुके और अपने हाथ को चेहरे के सामने लहराते हुए जॉन सीना का मशहूर 'You Can't See Me' वाला इशारा कर दिया। कोहली के इस मजेदार इशारे ने मैदान पर मौजूद फैंस का खूब मनोरंजन किया।
VIDEO:
विराट कोहली की शानदार पारी से भारत ने जीता मुकाबला
मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 40.2 ओवर में 185 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसके बाद बारिश के कारण भारतीय पारी प्रभावित हुई और डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत टीम इंडिया को 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य मिला।
Also Read: LIVE Cricket Score
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 74 रन बनाए। कोहली की इस पारी की बदौलत भारत ने 22.4 ओवर में ही पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।