आईपीएल 2026 में एक बार फिर विवाद ने सुर्खियां बटोरी, जब वरुण चक्रवर्ती के कैच पर सवाल खड़े हो गए। अभिषेक शर्मा शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन बाउंड्री के पास लिए गए इस कैच ने सबको कंफ्यूज कर दिया। थर्ड अंपायर ने कई रिप्ले देखने के बाद आउट दिया, जिसके बाद बहस तेज हो गई।
आईपीएल 2026 का छठा मुकाबला गुरुवार (2 अप्रैल) को कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जा रहा। ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की पारी के दौरान एक बड़ा विवाद सामने आया। यह विवाद जुड़ा था वरुण चक्रवर्ती द्वारा लिए गए कैच से, जिसमें अभिषेक शर्मा को पवेलियन लौटना पड़ा।
पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद शानदार रही थी। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने मिलकर पावरप्ले में ही 82 रन जोड़ दिए और केकेआर के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। अभिषेक शानदार लय में नजर आ रहे थे और अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके थे।
इसी बीच पारी के 9वें ओवर में ब्लेसिंग मुजारबानी की गेंद पर अभिषेक ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद बाउंड्री की ओर गई, जहां वरुण चक्रवर्ती फील्डिंग कर रहे थे। उन्होंने आगे की ओर डाइव लगाई और कैच पकड़ लिया, लेकिन यह साफ नहीं था कि गेंद जमीन से टच हुई या नहीं।
मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और फैंस के बीच इस कैच को लेकर काफी असमंजस देखने को मिला। मामला थर्ड अंपायर के पास गया, जहां कई बार रिप्ले देखने के बाद इसे आउट करार दिया गया। हालांकि इसके बावजूद सोशल मीडिया पर इस फैसले को लेकर बहस जारी है। अभिषेक शर्मा 27 गेंदों में 48 रन बनाकर आउट हुए और अर्धशतक से चूक गए।
वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 226 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। ट्रेविस हेड (46 रन) और अभिषेक (48) ने टीम को मजबूत शुरुआत दी, जबकि बाद में हेनरिक क्लासेन (52) ने भी अहम अर्धशतक जड़कर स्कोर को मजबूत किया।