Women's Big Bash League एक ऐसा मंच है जहां युवा प्रतिभाओं को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलता है। ऐसा ही बीते रविवार, 08 नवंबर को नॉर्थ सिडनी ओवल स्टेडियम में हुआ। ये मुकाबला सिडनी सिक्सर्स (Sydney Sixers Women) और सिडनी थंडर (Sydney Thunder Women) के बीच खेला गया था जिसमें एक 17 वर्षीय क्रिकेटर काओइमे ब्रे (Caoimhe Bray) ने बेहद शानदार गेंदबाज़ी और फील्डिंग करके फैंस का दिल जीता।
बाउंड्री पर किया करिश्मा: काओइमे ब्रे एक बेहद ही सुपर फिट क्रिकेटर हैं और धमाकेदार फील्डिंग करती हैं। उन्होंने सिडनी थंडर की पारी के दौरान बाउंड्री पर करिश्मा करके दिखाया। उनकी शानदार फील्डिंग का नज़ारा 12वें ओवर में देखने मिला। एश गार्डनर की गेंद पर जेम्मा बार्स्बी ने डीप मिड विकेट की तरफ हवाई शॉट खेला था। उन्होंने गेंद को बैट से अच्छे से मिडिल किया था। एक समय को लगा था कि उन्हें पूरे छह रन मिलेंगे। हालांकि तभी करिश्मा देखने को मिला।
17 साल की काओइमे ब्रे भागती हुई गेंद की तरफ आई। उन्होंने बाउंड्री के ऊपर हवा में गेंद को पकड़ा और फिर जमीन पर गिरने से पहले उसे साथी फील्डर लॉरेन चीटल की तरफ फेंक किया। चीटल ने भी काओइमे ब्रे की मेहनत पर पानी नहीं फेरा और बेहद ही आसानी से कैच पूरा किया। WBBL ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
काओइमे ने बॉलिंग से तोड़ी कमर: 17 वर्षीय काओइमे ब्रे ऑस्ट्रेलिया की ही एक हरफनमौला क्रिकेटर हैं। इस छोटी उम्र की खिलाड़ी ने सिडनी के मैदान पर ही सिडनी थंडर के बैटिंग ऑर्डर की कमर तोड़ दी। उन्होंने सिडनी सिक्सर्स के लिए पूरे 4 ओवर किए और महज़ 28 रन देकर 4 विकेट चटकाए। कुल मिलाकर ब्रे ने अपनी बॉलिंग और फील्डिंग दोनों से ही दिल जीता।
सिक्सर्स ने थंडर्स को रौंदा: WBBL 2026 के 15वें मुकाबले में सिडनी सिक्सर्स ने 162 रन डिफेंड किए और सिडनी थंडर्स को DLS विधि से 9 रनों से मात दी। इस मुकाबले में सिक्सर्स को पहले बैटिंग करने का न्योता मिला था। उन्होंने एलिस पेरी (41 गेंदों पर नाबाद 59 रन) और एश गार्डनर (25 गेंदों पर नाबाद 64 रन) की अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 162 रन बनाए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में सिडनी थंडर की टीम 15.3 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 158 रन बनाकर ऑल आउट हुई। उनके लिए लॉरेन हैरिस (10 गेंदों पर 35 रन) और नदीन डी (24 गेंदों पर 30 रन) क्लर्क ही 30 या उससे ज्यादा रन बना पाईं। तो ऐसे सिडनी सिक्सर्स ने ये मुकाबला DLS विधि से 9 रनों से जीता।