Pathum Nissanka Six Video: श्रीलंका क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज़ पथुम निसांका (Pathum Nissanka) ने बीते रविवार, 1 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले (SL vs ENG 2nd T20) में 22 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्के ठोकते हुए 34 रनों की पारी खेली। गौरतलब है कि इसी बीच उन्होंने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) को एक बेहद ही शानदार छक्का मारा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
स्टेडियम के बाहर गिरी गेंद: 27 साल के पथुम निसांका का ये छक्का श्रीलंका की पारी के दूसरे ओवर में देखने को मिला। इंग्लैंड के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर करने आए थे जो कि उनके कोटे का पहला ही ओवर था। यहां उन्होंने अपनी दूसरी गेंद पथुम निसांका को स्टंप लाइन पर एक इनस्विंगर फेंकी जो कि गुड लेंथ पर डिलीवर की गई थी।
गौरतलब है कि पथुम निसांका इंग्लिश बॉलर की ऐसी किसी भी गेंद के लिए पहले से तैयार थे और उन्होंने खड़े-खड़े स्टेडियम के बाहर छक्का जड़कर इसका सबूत भी दिया। Sony Sports ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस पूरी घटना का वीडियो साझा किया है जिसमें देखा जा सकता है कि पथुम निसांका खड़े-खड़े जोफ्रा आर्चर की तेज तर्रार गेंद को स्क्वायर लेग की तरफ हवाई यात्रा पर भेज देते हैं जिसके बाद वो स्टेडियम के बाहर ही पहुंच जाती है। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
ये भी जान लीजिए कि भले ही यहां पथुम निसांका ने जोफ्रा आर्चर को बड़ा छक्का मारा हो, लेकिन आखिर में इसी इंग्लिश गेंदबाज़ ने उन्हें बोल्ड करके पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस मैच में जोफ्रा आर्चर ने अपने कोटे के 4 ओवर में 42 रन देकर 2 विकेट झटके। उन्होंने पथुम निसांका (22 गेंदों पर 34 रन) और पवन रत्नायके (22 गेंदों र 40 रन) को आउट करके इंग्लैंड को बड़ी सफलता दिलाई।
ऐसा रहा मैच का हाल: टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी थी जिसके बाद मेजबान टीम श्रीलंका ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 190 रनों का बड़ा टारगेट स्कोर बोर्ड पर टांगा। हालांकि इसके बाद मुकाबले में बारिश का खलल आया, जिस वज़ह से इंग्लिश टीम को DLS विधि से 17 ओवर में 168 रनों का नया टारगेट मिला।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस नए लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड के लिए टॉम बैंटन ने 33 गेंदों पर नाबाद 54 रन, जोस बटलर ने 29 गेंदों पर 39 रन, हैरी ब्रूक ने 12 गेंदों पर 36 रन और सैम करन ने 14 गेंदों पर नाबाद 20 रनों की पारी खेली। इन्हीं पारियों के दम पर मेहमान टीम ने 16.4 ओवर में 168 रनों का टारगेट हासिल किया और 6 विकेट से मुकाबला जीता। इसी के साथ उन्होंने टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त भी बना ली है।