Marcus Stoinis 5 Sixes Video: ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस (Marcus Stoinis) टी20 क्रिकेट के सबसे बड़े हिटर्स में गिने जाते हैं और उन्होंने एक बार फिर अपनी बैटिंग से गदर काटा है। वो मौजूदा समय में USA में सिएटल ओर्कास (Seattle Orcas) के लिए मेजर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट (MLC 2026) खेल रहे हैं, जहां उन्होंने शुक्रवार, 26 जून को वाशिंगटन फ्रीडम (Washington Freedom) के खिलाफ महज़ 16 गेंदों पर 262.50 की स्ट्राइक रेट से 42 रन ठोके। इसी बीच उन्होंने विपक्षी तेज गेंदबाज़ इयान हॉलैंड (Ian Holland) को एक ओवर में 5 छक्के मारे।
दरअसल, ये पूरी घटना सिएटल ओर्कास की इनिंग के 17वें ओवर में घटी। यहां 31 साल के इयान हॉलैंड अपने कोटे का चौथा और आखिरी ओवर डालने आए थे जिनको पहली ही गेंद से मार्कस स्टोइनिस ने टारगेट किया। इस ओवर में स्टोइनिस ने सबसे पहले हॉलैंड की स्लोअर बॉल को साइड स्क्रिन की तरफ मारकर छक्का जड़ा और फिर ऐसे ही सामने की तरह कभी लॉन्ग ऑन तो कभी लॉन्ग की तरफ बड़े-बड़े छक्के लगाए।
ध्यान दें कि मार्कस स्टोइनिस वाशिंगटन फ्रीडम के ऑलराउंडर इयान हॉलैंड की शुरुआती चार गेंदों पर चार छक्के ठोक चुके थे, लेकिन इसके बाद गेंदबाज़ ने जैसे-तैसे एक डॉट डिलीवरी फेंकी। हालांकि इसके बाद स्टोइनिस ने फिर अपना बाजुओं की ताकत दिखाई और साइड स्क्रीन की तरफ छक्का लगाया। इस तरह उन्होंने एक ओवर में से पूरे 30 रन लूटे जिसका वीडियो आप नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि इस मुकाबले में मार्कस स्टोइनिस ने 16 गेंदों पर 6 छक्के जड़कर सिर्फ 42 रन की इनिंग ही नहीं खेली, बल्कि तीन ओवर में 20 रन देकर वाशिंगटन फ्रीडम का एक विकेट भी झटका। उन्होंने मार्क चैपमैन का विकेट चटकाया जो कि 10 गेंदों पर 07 रन बनाकर आउट हुए।
बात करें अगर MLC के इस मुकाबले के नतीजे की तो मार्कस स्टोइनिस की कैप्टेंसी वाली सिएटल ओर्कास ने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 227 रन बनाए थे। उनके लिए शिमरोन हेटमायर ने सबसे बड़ी पारी खेली और 33 गेंदों पर नाबाद 79 रन ठोके।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में वाशिंगटन फ्रीडम की टीम 16.2 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 139 रन बनाकर ऑल आउट हुई। इस तरह सिएटल ओर्कास ने ये मुकाबला 88 रनों के बड़े अंतर से जीता।