Nicky Kelly Catch Video: न्यूजीलैंड के 32 साल के बल्लेबाज़ निक केली (Nicky Kelly) बुधवार, 25 मार्च को क्राइस्टचर्च टी20 (NZ vs SA 5th T20) में अपने बैट से कुछ खास नहीं कर पाए और 18 गेंदों पर सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि इसी बीच उन्होंने न्यूजीलैंड की फील्डिंग के दौरान एक बेहद ही हैरतअंगेज कैच पकड़ा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, निक केली का ये कैच साउथ अफ्रीका की इनिंग के 16वें ओवर में देखने को मिला। न्यूजीलैंड के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ बेन सियर्स करने आए थे जिनकी पहली ही गेंद पर बाएं हाथ के बल्लेबाज़ रुबिन हरमन ने एक मिस टाइम पुल शॉट खेलकर गेंद को मिड ऑन की तरफ हवा में उड़ा दिया।
ये बॉल रुबिन हरमन के बैट से टकराने के बाद हवा में काफी ऊंची उठ गई थी जिसे देखकर मिड ऑफ की पॉजिशन पर तैनात 32 साल के खिलाड़ी निक केली की आंखें चमक गई। इसके बाद होना क्या था, वो चीते की रफ्तार से बॉल की तरफ दौड़े और उन्होंने आखिरी में एक गज़ब की डाइव लगाकर एक हाथ से गेंद को लपका। FanCode ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
गौरतलब है कि भले ही निक केली ने अपने डेब्यू टी20 सीरीज में एक बेहद ही गज़ब का कैच लपका जो कि उन्हें ताउम्र याद रहेगा, लेकिन वो अपनी बैटिंग से बिल्कुल भी प्रभावित नहीं कर पाए। आलम ये रहा है कि उन्होंने साउथ अफ्रीका के सामने टी20 सीरीज के सभी पांच मुकाबले खेले जिसमें वो एक-एक रन के लिए संघर्ष करते नज़र आए और 5 इनिंग में 56 बॉल खेलकर 53 रन ही जोड़ सके। ऐसे में अब ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि उन्हें न्यूजीलैंड की टी20 टीम में आगे मौका मिलता है या नहीं।
साउथ अफ्रीका ने 33 रनों से जीता मैच: टी20 सीरीज का पांचवां मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला गया था जिसमें मेहमान टीम साउथ अफ्रीका ने अपने 24 साल के बल्लेबाज़ कॉनर एस्टरहुइज़न की 33 गेंदों पर 75 रनों की तूफानी अर्धशतकीय पारी के दम पर 4 विकेट खोकर 187 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 154 रन ही जोड़ पाई और इस तरह साउथ अफ्रीका ने ये मुकाबला 33 रनों से जीता। बताते चलें कि इसी के साथ उन्होंने ये सीरीज 3-2 से जीतकर अपने नाम की है।