Rishabh Pant Viral Video: भारत-न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला (NZ vs IND 2nd Test) शुक्रवार, 27 नवंबर को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले से पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत (Rishabh Pant) न्यूजीलैंड में एक लोकल मैच खेलते दिखे हैं। उन्होंने इस मुकाबले में धमाकेदार बल्लेबाज़ी करके अर्धशतक लगाया।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये घटना बीते बुधवार, 25 नवंबर को क्राइस्टचर्च में ही घटी। ऋषभ पंत इलेक्ट्रिक बाइक पर घूम रहे थे। इसी मौके पर ओपन हाउस स्विंगर्स के एक खिलाड़ी मोहम्मद सफी ने पंत को पहचाना और उनके साथ तस्वीर लेने गए। यहां सफी ने ऋषभ से उनकी टीम के लिए क्रिकेट खेलने का कहा जिस पर भारतीय क्रिकेटर ने हां बोला।
ऋषभ से मुलाकात पर सफी ने कहा, "मैंने ऋषभ को इलेक्ट्रिक बाइक पर घूमते हुए देखा। इसके बाद मैं उनके पास गया और उन्हें रोका। हमने बातचीत की और कुछ तस्वीरें भी खिंचवाईं। फिर मैंने उनसे पूछा कि क्या वह हमारी टीम के लिए क्रिकेट खेलना चाहेंगे?" सफी आगे बोले, "उन्होंने कहा कि ठीक है, मैं तुम्हारे लिए खेलने आऊंगा। इसके बाद वह आए, पैड पहने, बल्लेबाज़ी करने उतरे और कई शानदार छक्के लगाए।"
एक बार फिर बता दें कि ऋषभ पंत ने ये मुकाबला ओपन हाउस स्विंगर्स की तरफ से खेला जो कि लास्ट मैन स्टैंड्स (LMS) मैच खेला। ये हेगले पार्क में द चोजेन वन्स के खिलाफ खेला गया था। इसमें पंत ने तूफानी बैटिंग करके महज़ 21 गेंदों पर 54 रन ठोके। ओपन हाउस स्विंगर्स ने यह मुकाबला 16 रनों से जीत लिया।
बताते चलें कि 29 वर्षीय ऋषभ पंत बेहद ही शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने वेलिंगटन टेस्ट में खुद को साबित किया। पंत ने 153 गेंदों पर 10 चौके 6 छक्के लगाकर 128 रन बनाए। वो भारत की टेस्ट टीम के अहम सदस्य हैं। पंत देश के लिए 53 टेस्ट की 91 पारियों में 3853 रन बना चुके हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारतीय टीम का पूरा स्क्वाड: यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, रविंद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ऋषभ पंत, वॉशिंगटन सुंदर, अंशुल कंबोज, आकाश दीप और गुरनूर बराड़।